विधानसभा चुनाव में बसपा के टिकट पर ताल ठोकने वाले शोभित पाठक समर्थकों के साथ कांग्रेस में शामिल

शोभित पाठक
कांग्रेस में शामिल शोभिक पाठक व अन्‍य।

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। लोकसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी राजनीतिक पार्टियां खुद को अधिक से अधिक मजबूत करने में जुटी है। इसी क्रम में आज कांग्रेस में पूर्व बसपा नेता समेत अन्‍य लोगों को सदस्‍यता दिलाई गयी है। कांग्रेस में शामिल होने वालों में बसपा के पूर्व नेता शोभित पाठक समेत अन्‍य नाम शामिल हैं।

समर्थकों के साथ कांग्रेस ज्‍वाइन करने वाले शोभित पाठक 2022 के विधानसभा चुनाव में बसपा के टिकट से हरदोई से ताल ठोक चुके हैं। आज कांग्रेस के प्रदेश मुख्‍यालय पर शोभित पाठक के अलावा जनपद गोरखपुर से अजवर अहमद, संतोष कुमार, शाहिल खां, सद्दाम हुसैन अंसारी, राम ननक सिंह, ने अपने समर्थकों के साथ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय के समक्ष पार्टी की प्राथमिक सदस्यता ग्रहण की।

संविधान व लोकतंत्र कमजोर करने…

इस दौरान कांग्रेस में नए सदस्‍यों का स्‍वागत करते हुए कांग्रेस के प्रदेश अध्‍यक्ष अजय राय ने कहा वर्तमान में संविधान व लोकतंत्र कमजोर करने के लिए बीजेपी कुचक्र रच रही है, जिसे हमें किसी भी कीमत पर सफल नहीं होने देना है। अजय ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से कहा कि मैं आपसे अपेक्षा रखता हूं कि आप सभी इस लड़ाई में हमारे साथ कंधे से कंधा मिलाकर संघर्ष करेंगे। आज जनता भाजपा की केंद्र व प्रदेश सरकार की जनविरोधी नीतियों को समझ चुकी है वह परिवर्तन चाहती है और आने वाले समय में वोट की चोट देकर भाजपा को सत्‍ता से बाहर कर कांग्रेस का शासन स्थापित करने का मन बना चुकी है।

इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष प्रभारी प्रशासन दिनेश कुमार सिंह, जिला कांग्रेस कमेटी हरदोई के अध्यक्ष आशीष सिंह, शिव भगवान व यूपी यूथ कांग्रेस कमेटी हरदोई के जिलाध्यक्ष निर्भान सिंह यादव मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें- प्रियंका गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी को लिखा लेटर, कहा हिमाचल आपदा को राष्ट्रीय आपदा करें घोषित