प्रियंका का भाजपा से सवाल, “नौजवानों को बेरोजगार रखना कहां का राष्ट्रवाद, सपा-बसपा पर भी साधा निशाना”

कहां का राष्ट्रवाद
प्रियंका की जनसभा में उमड़ी भीड़।

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ/गाजीपुर। यूपी विधानसभा चुनाव के अंतिम चरण चुनाव प्रचार के दौरान कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने शनिावर को गाजीपुर में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए नरेंद्र मोदी व योगी सरकार पर जहां जमकर निशाना साधा वहीं भाजपा से सवाल करते हुए पूछा कि नौजवानों को बेरोजगार रखना और किसानों की समस्‍या नहीं सुनना कहां का राष्‍ट्रवाद है। साथ ही प्रियंका ने सपा व बसपा पर भी निशाना साधते हुए कहा कि सपा व बसपा भी सिर्फ जाति की राजनीत करती है।

भाजपा, सपा व बसपा पर हमला बोलते हुए आज प्रियंका ने कहा कि यह लोग विकास की बात नहीं करते, जनता के मुद्दे नहीं उठाते हैं। नौजवान बेरोजगार हैं। भर्तियों में घोटाला हो रहा। युवाओं के भविष्य बर्बाद हो रहे। दूसरी तरह 12 लाख सरकारी पद खाली हैं। उन्होंने कहा कि संविधान में रोजगार, शिक्षा, भोजन ये सब आपका हक है। जाति और धर्म की बातें करके आपको गुमराह किया जा रहा। इससे सबसे बड़ा नुकसान आपका है। नेताओं का इससे कोई नुकसान नहीं होता। वह जनता को गरीब रखकर बार-बार सत्ता में आता है।

यह भी पढ़ें- कांग्रेस ने सीएम योगी के इंटरव्‍यू को बताया आचार संहिता का उल्‍लघंन, कहा, कार्रवाई करने की जगह सो रहा चुनाव आयोग

पीएम को निशाने पर लेते हुए प्रियंका ने कहा कि प्रधानमंत्री कहते हैं कि उनको आपकी समस्याएं ही मालूम नहीं है। देश प्रदेश की जानकारी रखते हैं, पर उन्हें यह नहीं मालूम है कि महंगाई चरम पर है, छुट्टा जानवरों से लोग परेशान हैं, बेरोजगारी चरम पर है। यह ऐसे लोगों है जो आपसे वोट लेकर सत्ता में रहेंगे, लेकिन आपके रोजगार, आपको सक्षम करने, सशक्त करने की बात नहीं करते हैं। यह अच्छी तरह समझ गए हैं कि वोट और सत्ता जाति-धर्म के आधार पर मिलेगी।

नहीं छोडूंगी यूपी का साथ, जनता के मुद्दों पर लड़ती रहूंगी

वहीं आज प्रियंका ने मंच से यूपी की जनता से साथ नहीं छोड़ने का वादा भी किया। प्रियंका ने कहा कि यूपी विधानसभा चुनाव का परिणाम चाहे जो भी हो जब तक उत्तर प्रदेश की राजनीति में सही और सच्चा बदलाव नहीं होता, मैं उत्तर प्रदेश का साथ छोडूंगी नहीं और जनता के मुद्दों की लड़ाई लड़ती रहूंगी। यह मेरे पूर्वजों की धरती है। इसमें मेरे पूर्वजों का खून मिला हुआ है। जब तक एक सही और सच्ची राजनीति उभरकर नहीं आएगी, तब तक मैं लड़ती रहूंगी।

तीन साल पहले जब मैं प्रभारी बनकर…

वहीं सपा-बसपा के नेताओं पर पांच सालों तक यूपी की जनता के बीच से गायब रहने का आरोप लगाते हुए प्रियंका ने कहा कि तीन साल पहले जब मैं प्रभारी बनकर उत्तर प्रदेश आई, तब पार्टी के कुछ बड़े नेता जो आज पार्टी छोड़ चुके हैं, वह मेरे पास आए। उन्होंने कहा कि अरे यहां से निकल जाइए, उत्तर प्रदेश में कुछ नहीं मिलने वाला है, यहां तो संघर्ष ही संघर्ष है। यहां कांग्रेस तो है ही नहीं, आप नेतृत्व से बात करिए आपको यहां से निकालकर कहीं और भेज दें। मैंने अपने भाई तत्कालीन कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी से बात की, उन्होंने कहा, प्रियंका उत्तर प्रदेश जाओ और संघर्ष करो, याद रखो जहां लोगों को दुःख है, अत्याचार हो रहा है, वहां जाकर जनता के मुद्दों की लड़ाई लड़ो।

घटनाएं होती रहीं और प्रदेश सरकार सोती रही

प्रियंका ने जनसभा को संबोधित करते हुए आगे कहा कि मैं आपके बीच आई, सोनभद्र में 13 आदिवासियों का नरसंहार हुआ था, मैं वहां गई, मैंने देखा कि पुलिस-प्रशासन ने भू-माफिया की मदद कर दी, लेकिन आदिवासियों को बचाने कोई नहीं आया। इसी तरह उन्नाव, हाथरस, लखीमपुर हर जगह पीड़ितों ने यही कहा कि पुलिस तो हमी पर दबाव डाल रही है। हमारी लड़ाई कौन लड़ेगा? मारे गए किसानों के परिवारों पर पुलिस ने दबाव डाला। आगरा में अरुण वाल्मीकि के परिवार को प्रताड़ित किया और उसे थाने में मार डाला। ऐसी घटनाएं होती रहीं और प्रदेश सरकार सोती रही।

बसपा, सपा, भाजपा जनता के क्या मुद्दे उठाते हैं

उत्तर प्रदेश में जहां भी अन्याय हुआ गई, कांग्रेस ने न्याय की लड़ाई लड़ी। मैंने समझ गई कि उत्तर प्रदेश में बहुत गड़बड़ है, यहां की राजनीति कहीं भटक गई है। जिस प्रदेश में सबसे ज्यादा नौजवान हैं, सर्वाधिक ऊर्जा है, हुनर है, वहां की हालत इतनी ख़राब कैसे है। दरअसल यहां के राजनीतिक दल, बसपा, सपा, भाजपा जनता के क्या मुद्दे उठाते हैं? बसपा और सपा सिर्फ जाति की बात कर रही हैं। भाजपा सिर्फ जाति और धर्म की बात कर रही है।

कांग्रेस खोखले वादे नहीं कर रही

कांग्रेस के उम्‍मीदवारों को वोट देने की अपील करते हुए प्रियंका ने कहा कि कांग्रेस खोखले वादे नहीं कर रही, हम 20 लाख रोजगार की बात कर रहे हैं। उनमें 12 लाख खाली पड़े सरकारी पदों को भरेंगे, इसके अलावा आठ लाख रोजगार के अवसर बनाएंगे। हम एक भर्ती आयोग और भर्ती कैलेंडर बनाएंगे। परीक्षा देने के लिए आने-जाने का खर्च माफ होगा। उत्तर प्रदेश के कोने-कोने में हुनर है, हम उसका उपयोग कर लोगों को सशक्त बनाएंगे। किसानों का कर्ज माफ़ करेंगे। सबका बिजली बिल आधा करेंगे, कोरोना का बकाया साफ़ किया जाएगा। गेहूं-धान 2,500 और गन्ना 400 रुपये क्विंटल खरीदेंगे। छत्तीसगढ़ की तर्ज पर गोधन योजना लागू करेंगे ताकि छुट्टा जानवरों की समस्या ख़त्म हो। बहनों को तीन गैस सिलेंडर मुफ्त देंगे, छात्राओं को मोबाइल फोन और स्कूटी मिलेंगे। सरकारी बस की यात्रा मुफ्त होगी। महिलाओं को सशक्त और शिक्षित बनायेंगे। सरकार की नीतियां ऐसी होनी चाहिए कि जनता को सशक्त और सक्षम बनाए, उन्हें आत्मनिर्भर बनाए। पांच साल यह सरकार और रही सत्ता में तो आपकी कमाई ख़त्म हो जाएगी।