कांग्रेस को बहुमत से भावुक DK शिवकुमार ने कहा, ये अखंड कर्नाटक की जीत तो भूपेश बघेल बोले, भाजपा मुक्‍त हुआ दक्षिण भारत

डीके शिवकुमार

आरयू वेब टीम। कर्नाटक विधानसभा चुनाव को लेकर शनिवार को नतीजे सामने आ रहे हैं। रुझानों में कांग्रेस ने जबरदस्त बहुमत हासिल की है। माना जा रहा है कि रुझान नतीजों में भी तब्दील होंगे। इन सबके बीच कर्नाटक में कांग्रेस के अभियान का नेतृत्व करने वाले राज्य के पार्टी प्रमुख डीके शिवकुमार ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। डीके शिवकुमार रुझानों को लेकर काफी भावुक नजर आए। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि यह अखंड कर्नाटक की जीत है।

साथ ही कहा कि इस जीत का श्रेय कार्यकर्ताओं को जाता है जिन्होंने हमारे लिए मेहनत किया। उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी ने हमारा हमेशा साथ दिया है। साथ ही साथ उन्होंने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी का जिक्र करते हुए कहा कि उनके योगदान को हम नहीं भूल सकते।

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने मीडिया से कहा कि हिमालय से लेकर समुद्र तक कांग्रेस ने सफलता हासिल की है। जो लोग कांग्रेस मुक्‍त भारत की बात करते थे, अब दक्षिण भारत भारतीय जनता पार्टी मुक्‍त हो गया है।

वहीं डीके शिवकुमार ने पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के साथ-साथ सभी नेताओं का धन्यवाद किया है। उन्होंने कहा कि भारत में जोड़ो यात्रा रंग लाई है। मैंने आलाकमान को पहले ही जीत का भरोसा दिया था। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि बिना किसी समस्या के हम कर्नाटक में सरकार बनाने जा रहे हैं।

कांग्रेस नेता बीके हरिप्रसाद ने कहा कि नया रास्ता नहीं, लोगों ने साफ रास्ता चुना है। भाजपा के झूठे वादों और नकारात्मक राजनीति के खिलाफ यह अच्छा जनादेश है…हमें बहुत पहले स्पष्ट जनादेश मिला था। फिर भी वे बने सरकार हमारे विधायकों की खरीद-फरोख्त कर रही है। लोग इस बार प्रयोग नहीं करना चाहते थे। इसलिए, उन्होंने स्पष्ट जनादेश दिया।

यह भी पढ़ें- बोले जयराम रमेश कर्नाटक में होगी कांग्रेस की जीत, हमने स्थानीय मुद्दे पर लड़ा चुनाव

हरिप्रसाद ने कहा कि यह 2024 (आम चुनाव) और तीन राज्यों में आगामी राज्य चुनावों के लिए एक स्पष्ट संदेश है – भाजपा को जाना होगा। कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने कहा, “…अगर वे (बीजेपी) करोड़ों रुपये खर्च करते हैं, तो ‘ऑपरेशन लोटस’ हो सकता है, लेकिन कांग्रेस को बहुमत मिलेगा। कर्नाटक में सिंधिया नहीं हैं। कर्नाटक में मजबूत कांग्रेसी हैं।”

इसके अलावा राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने ट्वीट कर अपने आलाकमान का धन्यवाद किया है। इसके साथ ही उन्होंने कहा है कि कर्नाटक के लोगों ने सांप्रदायिक राजनीति को नकार दिया है। वहीं, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भाजपा पर तंज कसते हुए कहा कि अब दक्षिण भारत भाजपा मुक्त हो गया है।

यह भी पढ़ें- राहुल गांधी की जनता से अपील, आइए बनाते हैं कमीशन मुक्‍त प्रगतिशील कर्नाटक