अजय कुमार लल्लू की रिहाई के लिए प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस के नेता-कार्यकर्ता गिरफ्तार

लल्लू की रिहाई

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। योगी सरकार व कांग्रेस के बीच प्रवासी मजदूरों के लिए चलाई जाने वाली बसों को लेकर उठे विवाद के बाद जेल भेजे गए कांग्रेस प्रदेश अध्‍यक्ष अजय कुमार लल्‍लू की रिहाई के लिए कांग्रेस ने प्रयास तेज कर दिए हैं। शनिवार को कांग्रेस ने योगी सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए राजधानी लखनऊ समेत यूपी के लगभग सभी जनपदों में प्रदर्शन किया।

लखनऊ के हजरतगंज स्थित जीपीओ पार्क के पास प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस के नेता व कार्यकर्ताओं को आज पुलिस ने घेराबंदी कर प्रदर्शन से रोका। इस दौरान हाथों में कांग्रेस का झंडा व अजय कुमार लल्‍लू को बेकसूर बताने वाला पोस्‍टर लिए प्रदर्शनकारियों से पुलिस की जमकर धक्‍का–मुक्‍की भी हुई।

लल्लू की रिहाई

जिसके बाद पुलिस कांग्रेस शहर अध्‍यक्ष मुकेश सिंह चौहान, पूर्व विधायक श्यामकिशोर शुक्ल, पूर्व आइएएस अफसर व कांग्रेस नेता अनीस अंसारी समेत कांग्रेस के अन्‍य नेता व कार्यकर्ताओं को बसों में भरकर अपने साथ ईको गार्डेन ले गयी, जहां से देर शाम सभी को रिहा कर दिया गया।

यह भी पढ़ें- UP कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू फिर गिरफ्तार, 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजे गए जेल

प्रदर्शन के दौरान शहर कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश सिंह चौहान ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष गरीब, मजदूर और जरूरतमंद लोगों की सेवा करने के ‘अपराध’ में लखनऊ जिला कारावास में 20 मई से कैद किये गए हैं। मुकेश चौहान ने कहा कि उत्तर प्रदेश कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू को गिरफ्तार करने के खिलाफ सेवा सत्याग्रह चला रही है, जिसके तहत पिछले सात दिनों में 25 लाख जरूरतमंद लोगों को भोजन कराया गया।

शहर अध्‍यक्ष ने आगे कहा कि कांग्रेस एक जिम्मेदार विपक्ष की भूमिका निभा रही है, लेकिन योगी सरकार राजनीतिक द्वेष और गरीब विरोधी मानसिकता का परिचय दे रही है, लेकिन हमें न्यायपालिका में पूरा विश्‍वास है और हमारे प्रदेश अध्यक्ष को इंसाफ मिलेगा।

यह भी पढ़ें- अजय कुमार लल्‍लू की गिरफ्तारी के विरोध में राज्‍यपाल से मिले कांग्रेस के वरिष्‍ठ नेता, लगाया आरोप

गिरफ्तार होने वालों में मुकेश सिंह चौहान, पूर्व विधायक श्यामकिशोर शुक्ल व अनीस अंसारी के अलावा कांग्रेस नेता रमेश शुक्ला, प्रमोद सिंह,  अभिमन्यु सिंह, दिलप्रीत सिंह, संजय शर्मा, वेद प्रकाश त्रिपाठी, राजेश सिंह काली, डॉ. शहजाद आलम, आरबी सिंह, शाहिद अली, इस्लाम अली,  रईस अहमद, रंजीत कुमार, मुशर्रफ इमाम, संजय श्रीवास्तव, प्रभात गुप्ता, संजय कश्यप, अकबर खान, प्रदीप कनौजिया, हनुमान गौतम, रोशन यादव व संदीप पाल समेंत अन्‍य कार्यकर्ता भी शामिल रहें।

लल्लू की रिहाई