साढ़े दस लाख मजदूरों के खाते में एक-एक हजार ट्रांसफर कर बोले CM, श्रमिकों के हितों के लिए प्रतिबद्धता से काम कर रही सरकार

डीबीटी

आरयू ब्यूरो लखनऊ। कोरोना संकट के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को करीब साढ़े दस लाख प्रवासी मजदूरों के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से एक-एक हजार रुपए भेजें है। मुख्यमंत्री ने बटन दबाकर दस लाख 48 हजार 166 श्रमिक के खातों में डायरेक्ट बैंक ट्रांसफर (डीबीटी) के जरिए 104 करोड़ 82 लाख रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर किए।

इस दौरान अपने सरकारी आवास पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रमिकों व कामगारों के हितों के लिए प्रदेश सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही। उन्हें सामाजिक, आर्थिक सुरक्षा की गारंटी भी सरकार देगी। श्रमिकों की कुशलता का उपयोग प्रदेश के नव-निर्माण में किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रमिकों ने अपने श्रम से देश व राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इन्हें रोजगार देने के संबंध में एक आयोग का गठन किया जा रहा है। इनकी स्किल मैपिंग की जा रही है।

उन्होंने जिला प्रशासन के अधिकारियों को स्किल मैपिंग होने के बाद कामगारों के बैंक खातों की सूची शासन को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान में पूरी दुनिया वैश्विक महामारी से जूझ रही है। संकट के समय में सभी का एकजुट होना बेहद जरूरी है। जब हम एक टीम वर्क के रूप में काम करते हैं और पूरा सिस्टम उसके साथ जुड़ता है, तो उसके परिणाम भी सकारात्मक आते हैं। आपदा के दौरान प्रदेश ने उत्कृष्ट स्तर का कार्य किया, जो देश के लिए एक उदाहरण बना है।

यह भी पढ़ें- CM योगी ने दैनिक वेतन भोगी करीब पांच लाख लोगों के खाते में ट्रांसफर किए एक-एक हजार

योगी ने प्रवासी मजदूरों को आश्वस्त किया कि क्‍वारेंटाइन अवधि पूरा करने के बाद उनके रोजगार की व्यवस्था भी सरकार करेगी। साथ ही मजदूरों से कहा कि क्‍वारेंटाइन अवधि पूरा करने के बाद उन्हें राशन किट मुहैया कराया जाएगा। उन्होंने मजदूरों से क्‍वारेंटाइन सेंटर छोड़ते वक्त अधिकारियों से राशन किट जरूर लेने की बात कही।

इतना ही नहीं योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में अब तक 35 लाख कामगारों और श्रमिकों को उनके घरों तक पहुंचाने और सुविधाएं उपलब्ध कराने का काम किया गया है। पहले चरण में दस लाख से ज्यादा मजदूरों के बैंक खातों में पैसे भेजने के बाद सीएम योगी ने कहा कि बाकी श्रमिकों के भी जल्द से जल्द बैंक अकाउंट डिटेल जुटाने का काम हो रहा है। उनके डिटेल्स आते ही पैसे ट्रांसफर किए जाएंगे।

कार्यक्रम के दौरान उत्तर प्रदेश के श्रम एवं सेवायोजन मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य और राजस्व एवं बाढ़ नियंत्रण राज्यमंत्री विजय कश्यप भी मुख्यमंत्री योगी के साथ मौजूद रहे। सीएम ने पैसे ट्रांसफर करने के बाद कई लाभार्थियों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बातचीत भी की।

यह भी पढ़ें- सीएम योगी ने किया बाल श्रमिक विद्या योजना का शुभारंभ, अब यूपी के इन छात्रों को प्रतिवर्ष मिलेगा छह हजार