AAP पूर्वांचल के पूर्व संयोजक ने सैकड़ों समर्थकों के साथ थामा कांग्रेस का हाथ, तो प्रदेश अध्‍यक्ष ने कहीं ये बातें…

संजीव कुमार सिंह
कांग्रेस में शामिल होने के बाद अजय कुमार लल्लू के साथ संजीव सिंह साथ में अन्य।

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। आम आदमी पार्टी (आप) पूर्व पूर्वांचल संयोजक संजीव कुमार सिंह ने गुरुवार को अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ कांग्रेस ज्‍वाइन कर ली है। राजधानी लखनऊ स्थित कांग्रेस के प्रदेश मुख्‍यालय पर आज आयोजित सदस्‍यता कार्यक्रम में कांग्रेस के प्रदेश अध्‍यक्ष अजय कुमार लल्‍लू ने संजीव कुमार सिंह व उनके समर्थकों को कांग्रेस की सदस्‍यता दिलाई।

इस मौके पर आप के पूर्व नेता को सदस्‍यता दिलाते हुए प्रदेश अध्‍यक्ष ने कहा कि उत्‍त्‍र प्रदेश प्रदेश में योगी सरकार की जनविरोधी नीतियों के चलते जनता परेशान है। अपराध और भ्रष्टाचार अपने चरम है। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के नेतृत्व में भाजपा की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ लड़ाई लड़ी जा रही है, ऐसे में संजीव कुमार सिंह जैसे युवा और जुझारू नेताओं के कांग्रेस में आने से हमारे संघर्ष को और मजबूती मिलेगी।

अन्याय के खिलाफ सड़कों पर लड़ी जाएगी लड़ाई

वहीं संजीव सिंह ने कहा कि कांग्रेस की नीतियों और विचारधारा से प्रभावित होकर उन्होंने पार्टी की सदस्यता ग्रहण किया है। राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी और प्रदेश अध्‍यक्ष अजय कुमार लल्लू के नेतृत्व में बेहतर समाज और देश बनाने व हर अन्याय के खिलाफ सड़कों पर लड़ाई लड़ी जाएगी। साथ ही उन्‍होंने ये भी कहा कि आम आदमी पार्टी अपने स्वराज और आंतरिक लोकतंत्र के विचार को त्याग चुकी है।

छात्र राजनीति शुरू करने के साथ ही…

कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्‍ता डॉ. उमाशंकर पांडेय ने बताया कि संजीव सिंह ने इलाहाबाद विश्‍वविद्यालय से छात्र राजनीति शुरू करने के साथ ही समाजसेवा से भी जुड़े रहे। आम आदमी पार्टी के संस्थापक सदस्यों में शामिल रहे संजीव कुमार सिंह पूर्वांचल में आप की ओर आयोजित कई आंदोलनों का नेतृत्‍व कर चुके थे।

यह भी पढ़ें- ट्रंप की भारत यात्रा पर कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर साधा निशाना, PM मोदी से पूछे ये पांच सवाल

इस मौके पर मौजूद कांग्रेस के पूर्व सांसद राजेश मिश्रा ने कहा कि संजीव कुमार के कांग्रेस में आने से पार्टी को पूर्वांचल में खास मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि पूरे देश में अराजकता की स्थिति है। देश की संस्कृति और संविधान के खिलाफ भाजपा साजिश रच रही है। आज जरूरी है कि युवाओं को पार्टी से जोड़कर संविधान विरोधी भाजपा के चेहरे को बेनकाब किया जाए।

संजीव सिंह के नेतृत्व में कांग्रेस में शामिल होने वालों में वाराणसी के वरूण सिंह, हाजी कादिर, पप्पू, फैज, टीए, दानिश, सोनू, शरदेन्दू, राकेश,  सोनू श्रीवास्तव, शमीम, रविशंकर सिंह, प्रमोद सिंह, अशोक यादव, शम्मी, अशोक चौबे, आशीष, शैलेंद्र कुमार सिंह, डॉ. शैलेंद्र त्रिपाठी, मनीष सिंह,  मंटू, जय विक्रम सिंह, नरेंद्र सिंह, अतुल सिंह कैथी, डॉ. राजेंद्र सिंह समेंत सैकड़ों लोग मौजूद रहें।

यह भी पढ़ें- कांग्रेस का आरोप, आजमगढ़ के मुसलमानों को प्रताड़ित करने में लगे हैं CM योगी, अखिलेश भी कर रहें उनका सहयोग