सीतापुर जेल में आजम खान से मुलाकात कर बोले अखिलेश, राजनीतिक षड़यंत्र के तहत फंसाया गया

आजम खान
आजम खान से मिलने सीतापुर जेल पहुंचें अखिलेश यादव।

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। रामपुर जेल से गुरुवार को पत्‍नी डॉ. तंजीम खान व बेटे अब्‍दुल्‍ला आजम के साथ सीतापुर जेल में शिफ्ट किए गए सपा के कद्दावर नेता आजम खान से मिलने आज यूपी पूर्व सीएम अखिलेश यादव सीतापुर जेल पहुंचें थे। अखिलेश ने आजम खान से मुलाकात करने के साथ ही उन्हें अपने एवं सपा के समर्थन का भरोसा दिलाया। सपा अध्‍यक्ष ने उम्मीद जताई कि न्यायालय से आजम खान व उनके परिवार को न्याय मिलेगा। सपा हर दुख-दर्द में उनके साथ खड़ी रहेगी।

वहीं आजम खान से मुलाकात के बाद अखिलेश ने पत्रकारों से कहा कि आजम खान के साथ भाजपा सरकार अन्याय कर रही है। वह बदले की भावना से काम कर रही है। उन्‍हें राजनीतिक षड़यंत्र के तहत फंसाया गया है। प्रशासन का जो रवैया है वह पूरी तरह अनुचित है। सरकार में बैठे लोग रागद्वेष और पक्षपात से परे कर्तव्य पालन की शपथ लेते हैं, लेकिन भाजपा सरकार संविधान को नहीं मानती है।

अपमानित करने के लिए रात में नहीं दिया सेाने

योगी सरकार पर आरोप लगाते हुए अखिलेश ने कहा कि शासन द्वारा आजम साहब को अपमानित करने की नीयत से रामपुर कारागार में रात में सोने नहीं दिया। तीन बजे रात में जेल एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने आजम खान को जेल से स्थानांतरण का आदेश दिया और चार बजे उन्हें रामपुर से सीतापुर जेल के लिए रवाना कर दिया गया। उनकी पत्‍नी डॉ. तंजीन फातिमा की तबियत खराब है, लेकिन उन्हें भी परेशान किया गया।

राष्ट्रवाद के नाम पर जो सत्ता में आए है उन्हीं से राष्ट्र को…

अखिलेश यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री और सरकारों को अमर्यादित आचरण नहीं करना चाहिए। राष्ट्रवाद के नाम पर जो सत्ता में आए है उन्हीं से राष्ट्र को खतरा उत्पन्न हो गया है। सपा अध्‍यक्ष ने हमला जारी रखते हुए कहा कि यूपी में रोज ही सैकड़ों निर्दोष लोगों को जेल भेजा जा रहा। यहां तक कि जीवित को मृत दिखा दिया जाता है। इस तरह उत्पीड़न की कार्रवाईयां भाजपा राज में रोज हो रही।

संबंधित खबर- पत्‍नी व बेटे के साथ कोर्ट में पेश हुए आजम, तीनों को न्यायिक हिरासत में भेजा गया जेल

इस मौके पर आजम खान के बारे में बताते हुए यूपी के पूर्व सीएम ने कहा कि यहां यह भी कहना आवश्यक है कि आजम साहब ने दशकों लोकतंत्र के लिए संघर्ष किया है। आपातकाल में दो वर्ष तक उन्होंने जेल की यातना सही है। उन्होंने तालीम के क्षेत्र में मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय रामपुर में स्थापित कर ऐतिहासिक काम किया है।

साथ ही आजम खान नौ बार विधायक, पांच बार मंत्री और एक बार राज्यसभा सदस्य रह चुके हैं। इस समय वह लोकसभा के सदस्य है। साल 2019 में आजम खान ने विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दिया तब उनकी पत्‍नी डॉ. तंजीन फातिमा चुनाव जीतकर विधायक बनी। डाॅ. फातिमा राजकीय रजा स्नातकोत्तर महाविद्यालय में प्रोफेसर रही हैं। वहीं बेटे अब्दुल्ला आजम साल 2017 में समाजवादी पार्टी के टिकट पर स्वार विधानसभा क्षेत्र से विधायक चुने गए हैं।

संबंधित खबर- पत्‍नी-बेटे के साथ रामपुर से सीतापुर जेल में शिफ्ट किए गए आजम खान

अखिलेश यादव के साथ सीतापुर पहुंचने वालों में पूर्व कैबिनेट मंत्रीर राजेंद्र चौधरी, सपा के वरिष्‍ठ नेता इंद्रजीत सरोज, नरेंद्र वर्मा, अनिल वर्मा, राधेश्याम जायसवाल, अनूप गुप्ता, निर्मल वर्मा, रामपाल रघुवंशी व अन्‍य शामिल रहें।