प्रियंका गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी को लिखा लेटर, कहा हिमाचल आपदा को राष्ट्रीय आपदा करें घोषित

राष्ट्रीय आपदा
आपदा पीड़ितों से मुलाकात करतीं प्रियंका गांधी।

आरयू वेब टीम। हिमाचल प्रदेश में बाढ़ और भूस्खलन के कारण उत्पन्न प्राकृतिक आपदा को लेकर शुक्रवार को कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेटर लिखा है। लेटर में प्रियंका ने ऐसे हालात को राष्ट्रीय आपदा घोषित करने का आग्रह किया। साथ ही कहा कि हिमाचल प्रदेश में प्राकृतिक आपदा से वहां जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। राज्य सरकार पूरे समर्पण के साथ राहत कार्यों में लगी हुई है, लेकिन अगर केंद्र सरकार द्वारा इसे राष्ट्रीय आपदा घोषित किया जाता है, तो यह हिमाचल प्रदेश के पुनर्निर्माण में बहुत मददगार होगा।

कांग्रेस ने प्रियंका गांधी द्वारा पीएम मोदी को लिखे लेटर को एक्स पर साझा किया। वहीं इससे पहले प्रियंका ने हिमाचल के शिमला, कुल्लू, मनाली और मंडी के कई गांवों में आपदा पीड़ितों से मुलाकात की थी। उन्होंने कहा था कि इतने बड़े पैमाने पर हुए नुकसान और लोगों की पीड़ा देखकर बहुत दुख हुआ। हिमाचल की जनता राज्य सरकार के साथ मिलकर, एकजुटता की जिस भावना के साथ संकट का सामना कर रही है, वह पूरे देश के लिए मिसाल है। इसी भावना के तहत मैं केंद्र सरकार से पीड़ितों के प्रति संवेदनशीलता दिखाने और हिमाचल में आई आपदा को राष्ट्रीय आपदा घोषित करने की अपील करती हूं।

यह भी पढ़ें- गौरीकुंड में बाढ़-भूस्खलन के बाद पांच बच्‍चों समेत 12 लापता

वहीं प्रियंका ने ये भी कहा था कि इस भयानक आपदा के समय जब हिमाचल के किसानों को मदद की जरूरत है, तब मोदी सरकार द्वारा विदेशी सेब पर आयात ड्यूटी घटा कर हिमाचल के बागबानों को चोट पहुंचाना उचित नहीं है। हिमाचल की जनता केंद्रीय सरकार और प्रधानमंत्री जी से ये उम्मीद रखती है कि इस संकट के समय में, उनकी नीतियां हिमाचल की मदद करें और जनता को आपदा का सामना करने का हौंसला दें।

बता दें कि जुलाई और अगस्त के महीनों में भारी बारिश के कारण अचानक आई बाढ़ और भूस्खलन ने कुल्लू, मंडी, शिमला और सोलन जिलों सहित हिमाचल के कई हिस्सों में कहर बरपाया था। वहीं आंकड़ों की माने तो 24 जून को मानसून की शुरुआत से लेकर 12 सितंबर तक राज्य को 8,679 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार, राज्य में बारिश से संबंधित घटनाओं में लगभग 270 लोगों की मौत हो गई है।

यह भी पढ़ें- कुल्लू में लैंडस्लाइड से ताश के पत्‍ते की तरह ढही मल्‍टीस्‍टोरी इमारतें, देखें वीडियो