बंगाल-असम जीत पर बोले PM मोदी, भाजपा की सुशासन की राजनीति रही सफल

पीएम मोदी
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते पीएम मोदी।

आरयू वेब टीम। पश्चिम बंगाल में पहली बार कमल खिलने के बाद भाजप में जश्न का माहौल है। टीएमसी को हराकर प्रचंड जीत हासिल करने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बीजेपी मुख्यालय में पार्टी के कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। अपने संबोधन में उन्होंने पांचों राज्यों की जनता के प्रति आभार व्यक्त किया। पहली मोदी ने कहा कि पश्चिम बंगाल में कमल खिल गया है। 2026 के पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव हमेशा याद रखे जाएंगे। जनता की शक्ति की जीत हुई है और भाजपा की सुशासन की राजनीति सफल रही है। मैं पश्चिम बंगाल के हर एक व्यक्ति के सामने नतमस्तक हूं।

मोदी ने कहा कि आज का दिन ऐतिहासिक है जब वर्षों की साधना सिद्धि में बदलती है तो चेहरे पर जो खुशी होती है, वो खुशी मैं देशभर के भाजपा कार्यकर्ता के चेहरे पर देख रहा हूं। आज का यह दिन कई मायनों में खास है। देश के उज्जवल भविष्य की उद्घोषणा का दिन है। भरोसे का दिन है। भरोसा भारत के महान लोकतंत्र पर, भरोसा परफॉर्मेंस की कसौटी पर, भरोसा एक भारत, श्रेष्ठ भारत की भावना पर.. मैं बंगाल, असम, केरल, पुड्डुचेरी और तमिलनाडु की जनता आभार व्यक्त करता हूं।

यह भी पढ़ें- अगर SIR बंगाल चुनावों के नतीजों को प्रभावित करता है, तो ये खतरनाक नजीर होगी: उमर अब्दुल्ला

वहीं पीएम मोदी ने पश्चिम बंगाल के चुनाव परिणामों पर कहा कि यह लोकतंत्र ही नहीं संवैधानिक संस्थाओं की भी जीत है। बंगाल में 93 प्रतिशत वोटिंग होना बहुत बड़ी बात है। इसके लिए चुनाव आयोग को बहुत बहुत बधाई। वही बिहार चुनाव परिणाम के बाद अपने संबोधन का जिक्र किया और कहा कि मैंने कहा था कि गंगा जी बिहार से होते हुए गंगा सागर तक जाती हैं। आज बंगाल की जीत के साथ गंगोत्री से लेकर गंगा सागर तक कमल ही कमल खिला हुआ है।

श्यामा प्रसाद मुखर्जी की आत्म को मिली शांति

पीएम मोदी ने कहा-‘ डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की आत्म को कितनी शांति मिली होगी। 1951 में जनसंघ की स्थानपना करके हर कार्यकर्ता को संदेश दिया था कि देश के लिए जीना है और देश के लिए मरना है। उन्होंने अपने जीवन से साबित किया कि राष्ट्र सर्वोपरि का मंत्र लेकर चलने वाले अपना जीवनदान देने में एक पल की भी देर नहीं करते। उन्होंने जिस समृद्ध बंगाल का सपना देखा था वह सपना कई दशकों से इंतजार कर रहा है। आज बंगाल की जनता ने बीजेपी कार्यकर्ताओं को वह अवसर दिया है। बंगाल के भाग्य में आज से एक नया अध्याय जुड़ गया। आज से बंगाल भयमुक्त हुआ है। विकास के भरोसे से युक्त हुआ है।

बंगाल की धरा पर हुआ नया सूर्योदय

पीएम मोदी ने कहा,” बंगाल में हमारे कितने कार्यकर्ताओं ने अपना बलिदान दिया है। केरल और बंगाल में बीजेपी कार्यकर्ताओं पर कितने जुल्म हुए हैं, कितने अत्याचार हुए हैं। आज बंगाल में भाजपा की सफलता का श्रेय ऐसे सभी कार्यकर्ताओं और उनके परिवारों को देता हूं। यह जीत बंगाल की जनता को समर्पित करता हूं। साथियों अभी चार मई की शाम यह शाम चल रही है, लेकिन बंगाल की पावन धरा पर एक नया सूर्योदय हुआ। एक ऐसा सवेरा जिसका इंतजार पीढ़ियों ने किया है।”

आयुष्मान भारत योजना को हरी झंडी

पीएम मोदी ने कहा,”बंगाल के भविष्य के लिए एक ऐसी यात्रा शुरू हो रही है जहां विकास और  विश्वास कदम से कदम मिलाकर चलेंगे। हर बंगालवासी को भरोसा देता हूं कि बंगाल के बेहतर भविष्य के लिए बीजेपी दिन-रात एक कर देगी। बंगाल में अब महिलाओं को सुरक्षा का माहौल मिलेगा। युवाओं को रोजगार मिलेगा। पलायन रुकेगा। पहली कैबिनेट में आयुष्मान भारत योजना को हरी झंडी दिखाई जाएगी। और घुसपैठियों के खिलाफ भी सख्त से सख्त कार्रवाई होगी।

बहनों-बेटियों ने दी कांग्रेस, टीएमसी, डीएमके सजा

नारी शक्ति विकसित भारत के निर्माण में काफी तेजी से आगे बढ़ रही है लेकिन कांग्रेस और उसके साथियों ने नारी वंदन शक्ति अधिनियम को संसद में रोक दिया। मैंने कहा था कि ऐसे दलों को महिलाओं का आक्रोश झेलना पड़ेगा। आज कांग्रेस, टीएमसी, डीएमके को बहनों-बेटियों ने सजा दी है। केरल की बहनें भी अगले चुनावों में कांग्रेस को जरूर सबक सिखाएगी।

भारत ऐसी राजनीति चाहता है जो देश को बढ़ाए आगे

पीएम मोदी ने कहा,”आज देश में एक भी राज्य ऐसा नहीं है जहां कम्यूनिस्ट पार्टी की सरकार हो। यह सियासत का बदलाव नहीं बल्कि सोच का बदलाव है। ये दिखाता है कि आज का भारत किस दिशा में आगे बढ़ना चाहता है। आज का भारत ऐसी राजनीति चाहता है जो देश को आगे बढ़ाए। दुर्भाग्य से कांग्रेस अर्बन नक्सलियों का गिरोह बनती जा रही है। जिस विचार को जनता ने ठुकराया उसे जो अपनाएगा उसे जनता भी ठुकराएगी।”

यह भी पढ़ें- पश्चिम बंगाल मतदान के बीच कई जगाहों पर EVM में हुई गड़बड़ी, भड़के मतदाता, सुरक्षाबलों ने किया लाठीचार्ज