आरयू वेब टीम। दिल्ली के मालवीय नगर स्थित रेस्टोरेंट में हुए भीषण अग्निकांड में 21 लोगों की मौत के बाद राजनीतिक प्रतिक्रियाएं तेज हो गई हैं। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, सांसद प्रियंका गांधी और आम आदमी पार्टी ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए सरकार और प्रशासन से जवाबदेही की मांग की है। विपक्षी दलों ने सुरक्षा मानकों और प्रशासनिक लापरवाही को लेकर कई सवाल उठाए हैं।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्टकर कहा कि मालवीयनगर में आग लगने की घटना बेहद दुखद और पीड़ादायक है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। खड़गे ने कहा कि राज्य सरकार और संबंधित अधिकारियों को पीड़ित परिवारों को पर्याप्त और समय पर मुआवजा उपलब्ध कराना चाहिए। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से भी प्रभावित लोगों की हरसंभव मदद करने की अपील की।
वहीं कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने भी घटना पर शोक व्यक्त किया। साथ ही कहा कि एक होटल में आग लगने से बड़ी संख्या में लोगों की मौत और कई लोगों के घायल होने की खबर अत्यंत हृदयविदारक है। प्रियंका गांधी ने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना जताई। साथ ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं से प्रभावित परिवारों की मदद के लिए आगे आने का आग्रह किया।
इसके अलावा आम आदमी पार्टी ने इस हादसे को लेकर प्रशासन और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं। पार्टी ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट से पोस्टकर पूछा कि आखिर दिल्ली में बार-बार ऐसे हादसे क्यों हो रहे हैं और क्या सुरक्षा मानकों की अनदेखी की जा रही है। पार्टी ने कहा कि दिल्ली की जनता जवाब चाहती है और ऐसे हादसों की जिम्मेदारी तय होनी चाहिए।
यह भी पढ़ें- मालवीय नगर के अवैध रेस्टोरेंट में लगी भीषण आग, 21 लोगों की मौत, कई घायल
वहीं आम आदमी पार्टी की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि हादसे के बाद जिम्मेदारी तय करने के बजाय कथित तौर पर मृतकों पर ही दोष मढ़ने की कोशिश की जा रही है। साथ ही कहा कि सरकार और प्रशासन को पारदर्शी जांच कर वास्तविक कारणों को सामने लाना चाहिए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
मालूम हो कि दिल्ली पुलिस के अनुसार मालवीय नगर स्थित रेस्टोरेंट में लगी आग में अब तक 21 लोगों की मौत हो चुकी है। पुलिस का कहना है कि मृतकों में अधिकांश विदेशी नागरिक शामिल हैं। घटना में कई अन्य लोग घायल हुए हैं, जिनका अस्पतालों में इलाज जारी है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है और प्रशासन ने मामले में विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं।




















