पशुपालन विभाग भर्ती घोटाला में पूर्व IAS योगेश कुमार गिरफ्तार

पूर्व आइएएस योगेश कुमार।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। पशुधन प्रसार अधिकारी भर्ती घोटाले में आर्थिक अपराध अनुसंधान संगठन (ईओडब्ल्यू) ने पूर्व आइएएस व तत्कालीन प्रमुख सचिव योगेश कुमार को गिरफ्तार किया है। सेवानिवृत्त आइएएस अधिकारी योगेश कुमार को बुधवार को ईओडब्ल्यू की टीम ने लखनऊ के गोमती नगर से गिरफ्तार किया।

जांच एजेंसियों के अनुसार, जिस समय ये भर्ती प्रक्रिया चल रही थी, उस दौरान राजकिशोर सिंह प्रदेश के पशुधन मंत्री के पद पर आसीन थे, जबकि आरोपित योगेश कुमार शासन में प्रमुख सचिव के रूप में तैनात थे। भर्ती प्रक्रिया संपन्न होने के बाद वह सेवानिवृत्त हो चुके थे। इस संबंधें ईओडब्ल्यू के डीजी जेएन सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि गहन विवेचना के दौरान इस घोटाले में पूर्व प्रमुख सचिव योगेश कुमार की संलिप्तता और ठोस भूमिका के पर्याप्त सबूत हाथ लगे हैं, जिसके आधार पर यह गिरफ्तारी की गई है।

यह भी पढ़ें- पूर्व IAS से रातभर पूछताछ करने पर सुप्रीम कोर्ट की ED को लताड़, यह तो बहुत ही डरावना

गिरफ्तार किए गए योगेश कुमार 1980 बैच के वरिष्ठ आइएएस अधिकारी हैं। इस बहुचर्चित घोटाले में केवल प्रशासनिक अधिकारी ही नहीं, बल्कि राजनीतिक हस्तियां भी जांच के दायरे में हैं। तत्कालीन पशुधन मंत्री राजकिशोर सिंह के खिलाफ कानूनी कार्रवाई के लिए अभियोजन स्वीकृति की फाइल अभी शासन स्तर पर लंबित है, जिस पर जल्द ही आगे के कदम उठाए जाने की संभावना है।

मालूम हो कि यह पूरा मामला वर्ष 2014 का है, जब प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार के दौरान राज्य के 17 मंडलों में पशुधन प्रसार अधिकारियों के कुल 1198 पदों पर सीधी भर्तियां निकाली गई थीं। दो फरवरी 2014 को आयोजित इस लिखित परीक्षा के बाद चयन प्रक्रिया में बड़े पैमाने पर अनियमित्ताओं और धांधली के गंभीर आरोप लगे थे। जांच-पड़ताल के दौरान ये तथ्य सामने आया था कि पूरी भर्ती प्रक्रिया में तय नियमों को पूरी तरह से दरकिनार किया गया था। ओएमआर शीट का मूल्यांकन केंद्रीकृत (सेंट्रलाइज्ड) तरीके से कराया गया था और मंडलीय चयन समितियों के कानूनी अधिकारों को भी समाप्त कर दिया गया था।

यह भी पढ़ें- रिश्‍वत लेते RDSO के दो अफसर समेत चार गिरफ्तार, लखनऊ समेत कई ठिकानों CBI ने की कार्रवाई