आरयू ब्यूरो, लखनऊ। केंद्रीय जांच ब्यूरो ने रिश्वतखोरी के मामले में रिसर्च डिजाइंस एंड स्टैंडर्ड्स ऑर्गनाइजेश ने (आरडीएसओ) के दो अफसरों समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें डिप्टी डायरेक्टर आशुतोष कुमार, सीनियर सेक्शन इंजीनियर दीपक कुमार, कोलकाता की निजी कंपनी उत्कर्ष इंडिया लिमिटेड के प्रतिनिधि शशांक अग्रवाल और स्वरूप कुमार राय शामिल हैं। सीबीआइ ने मंगलवार को केस दर्ज करने के बाद कार्रवाई की।
आरोप है कि आरडीएसओ के दोनों अफसरों ने निजी कंपनी के प्रतिनिधियों के साथ मिलकर रिश्वत लेने की साजिश रची थी। सीबीआइ के मुताबिक कोलकाता की कंपनी की फैक्ट्री में प्लांट और मशीनरी के निरीक्षण के बाद उसके पक्ष में अनुकूल रिपोर्ट जारी करने के बदले रिश्वत ली जा रही थी। सूचना मिलने के बाद सीबीआइ ने आरोपितों को पकड़ने के लिए ट्रैप लगाया।
वहीं सीबीआइ ने हावड़ा के एक होटल में भी कार्रवाई की। यहां आरडीएसओ के दोनों अफसरों और निजी कंपनी के प्रतिनिधियों को चार लाख रुपए की रिश्वत लेते पकड़ लिया गया। आरोपितों के पास से रिश्वत की रकम के अलावा 4.73 लाख रुपए की अन्य नकदी भी बरामद हुई। पूरी नकदी जब्त कर ली गई है।
यह भी पढ़ें- IGRS घूसकांड जांच के लिए LDA पहुंची विजिलेंस टीम, प्राधिकरण ने 50 शिकायतकर्ताओं को पेशेवर बता सौंपी लिस्ट
गिरफ्तारी के बाद सीबीआइ की टीमों ने लखनऊ, बिहार और कोलकाता में आरोपितों के घर व कार्यालय परिसरों की तलाशी ली। इस दौरान कई दस्तावेज और डिजिटल साक्ष्य बरामद हुए, जिन्हें जांच में शामिल किया गया है। सीबीआइ अब ये पता लगाने में जुटी है कि रिश्वतखोरी का नेटवर्क कितना बड़ा है और इसमें अन्य लोग भी शामिल हैं या नहीं, इस मामले की जांच की जा रही है।




















