आरयू ब्यूरो, लखनऊ। राजधानी के काकोरी क्षेत्र में शनिवार को मोहन रोड पर एक गंभीर सड़क हादसा हुआ। पानखेड़ा स्थित प्राथमिक विद्यालय के सामने नगर निगम के डंपर और एक टैक्सी की आमने-सामने टक्कर में टैक्सी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि चालक वाहन के अंदर फंस गया।
मिली जानकारी के मुताबिक हादसा काकोरी में मोहान रोड स्थित घुरघुरी का तालाब चौकी क्षेत्र में लखनऊ नगर निगम के डंपर (यूपी 32 एनन 6897) और एक टैक्सी (यूपी 32 क्यूएन 7489) के बीच हुई। ये टक्कर पानखेड़ा प्राथमिक विद्यालय के सामने हुई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टैक्सी का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक वाहन में बुरी तरह फंस गया। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सुचारु कराया।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और राहत टीम को सूचना दी। काफी मशक्कत के बाद टैक्सी को काटकर चालक को बाहर निकाला गया। घायल चालक की पहचान उन्नाव के सोहरामऊ निवासी प्रभात पुत्र गजानाथ के रूप में हुई है, जिसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया। काकोरी थाना प्रभारी सतीश चंद्र राठौर ने कहा हादसे के समय टैक्सी में कई यात्री भी सवार थे। सभी यात्री बाल-बाल बच गए। उन्हें मामूली चोटें आईं, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। यदि टक्कर का प्रभाव अधिक होता, तो जनहानि भी हो सकती थी।
यह भी पढ़ें- कुशीनगर में भीषण हादसा, छठ मनाने बिहार जा रहे यात्रियों से भरी प्राइवेट बस डिवाइडर से टकराकर पलटी, 24 घायल
दुर्घटना के कारण कुछ देर के लिए मोहान रोड पर यातायात प्रभावित रहा। मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सुचारु कराया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने नगर निगम के भारी वाहनों के संचालन पर सवाल उठाए, उनका कहना है कि डंपर और अन्य भारी वाहन अक्सर तेज रफ्तार में चलते हैं।




















