बुलंदशहर में डंपर से टकराई रोडवेज बस, बच्ची व महिला की मौत, 24 यात्री घायल, ड्राइवर फरार

डंपर से टकराई बस
डंपर से टकराई बस के उड़े परखच्चे।

आरयू वेब टीम। उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में शुक्रवार को दिल्ली से कानपुर जा रही रोडवेज बस हादसे का शिकार हो गई। इस हादसे में दो यात्री की मौत हो गई, जबकि 24 लोग घायल हुए हैं। बस हादसे की सूचना राहगीरों ने पुलिस को दी। जिसके बाद मौके पर पहुंची ने घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। जहां उनका इलाज चल रहा है।

मिली जानकारी के मुताबिक नेशनल हाईवे-34 पर खुर्जा देहात थाना क्षेत्र के बगराई मोड़ के पास शुक्रवार को सुबह 6:30 बजे दिल्ली से कानपुर जा रही रोडवेज बस आगे चल रहे डंपर में पीछे से टकरा गई। हादसे में एक नौ साल की बच्ची व एक महिला की मौत हो गई, जबकि 24 यात्री घायल हो गए। हादसे के समय बस में सवार अधिकतर यात्री सो रहे थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना की सूचना पाकर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत बचाव कार्य शुरू किया।

पुलिस ने पांच एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को कैलाश अस्पताल और जटिया अस्पताल में भर्ती कराया। कई घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है। वहीं हादसे के तुरंत बाद रोडवेज बस और डंपर दोनों के चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हाईवे से हटवाकर यातायात सुचारू कराया और दोनों गाड़ियों को कब्जे में ले लिया है। पुलिस प्रशासन ने फरार चालकों की तलाश शुरू कर दी है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।

यह भी पढ़ें- मिर्जापुर में भीषण सड़क हादसा, बोलेरो-कार व ट्राले से टकराईं ट्रक, 11 की मौत

इस संबंध में एडीएम ने मीडिया को बताया कि हादसे में कुल 24 लोग घायल हुए। सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें एक नौ साल की बच्ची को अस्पताल पहुंचने पर मृत घोषित कर दिया गया। वहीं, बबली नाम की एक महिला ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इस तरह हादसे में अब तक दो लोगों की मौत हुई है।

यह भी पढ़ें- UP में दर्दनाक सड़क हादसा, तेज रफ्तार कार के पलटने से चार मासूमों समेत पांच लोगों की मौत, दो घायल