अमेरिका हमलों का ईरान ने दिया करारा जवाब, कुवैत से बहरीन तक US ठिकानों पर दागीं मिसाइलें

ईरान

आरयू इंटरनेशनल डेस्क। ईरान और अमेरिका के बीच सीजफायर के बीच अमेरिकी सेना ने बीते 24 घंटे में दो बार ईरान के सैन्य ठिकानों पर हमले किए हैं, जिसके बाद अमेरिका को इन हमलों का करारा जवाब देते हुए इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (आइआरजीसी) ने बहरीन से लेकर कुवैत तक मिसाइलों और ड्रोन से अमेरिकी ठिकानों पर हमले किए हैं। साथ ही चेतावनी भी दी है कि अमेरिका की किसी भी सैन्य कार्रवाई का करारा जवाब दिया जाएगा।

ईरानी नेवी ने बयान जारी कर कहा, ‘उसकी नौसेना और एयरफोर्स ने रविवार को स्थानीय समयानुसार सुबह दो बजे से तीन बजे के बीच जॉइंट ऑपरेशन चलाया, जिसमें कुवैत के अली अल सलेम एयरबेस और बहरीन के पोर्ट सलमान स्थित अमेरिकी 5वें बेड़े के मुख्यालय समेत आठ अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर बैलिस्टिक मिसाइलें और ड्रोन दागे गए।’ ईरान ने कहा कि ये मिलिट्री ऑपरेशन हाल ही में हुए अमेरिकी हमलों के जवाब में चलाया गया था।

साथ ही आइआरजीसी ने कहा, ‘हमलावर दुश्मन, जिसकी आदत ही वादे तोड़ना और समझौतों का उल्लंघन करना है, उसने आज सुबह इस्लामिक रिपब्लिक की पांच तटीय चौकियों पर हमला किया। ये हमला आइआरजीसी नेवी की ओर से नियमों का उल्लंघन करने वाले एक जहाज के खिलाफ की गई कार्रवाई के बहाने किया गया।’

ईरान की ओर से यह भी कहा गया कि वे होर्मुज से गुजरने वाले जहाजों के नियमों को और सख्त बनाएगा। ‘अब से, उल्लंघन करने वाले जहाजों से पहले से कहीं अधिक सख्ती से निपटा जाएगा। भविष्य में किसी भी प्रकार की शत्रु आक्रामकता, चाहे उसका बहाना कुछ भी हो, उसे करारा जवाब दिया जाएगा। भले ही, जैसा कि कल रात और आज रात के हमलों में हुआ, वह कम महत्व के ठिकानों को टारगेट बनाए।’

वहीं आइआरजीसी ने इस्लामाबाद समझौते का हवाला देते हुए अमेरिका पर सीजफायर तोड़ने का आरोप लगाया। उसने कहा, ‘दुश्मन को ये पता होना चाहिए कि सीजफायर का उल्लंघन इस्लामाबाद समझौता ज्ञापन की पहली धारा का उल्लंघन है और इससे सभी प्रक्रियाएं पूरी तरह से निलंबित हो जाएंगी।’

यह भी पढ़ें- भारतीय नाविकों की हत्‍या पर ईरान ने USA को घेरा, कहा समुद्री लुटेरों जैसी अमेरिका की नीति

बता दें कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अमेरिकी सैन्य कार्रवाई के बाद ईरान को धमकी दी थी। उन्होंने कहा कि अमेरिकी विमानों ने युद्धविराम समझौते का बार-बार उल्लंघन करने पर ईरान के मिसाइल, ड्रोन भंडार और रडार ठिकानों पर हमला किया है। ट्रंप ने कहा कि अगर ईरान अपनी हरकतें नहीं रोकता तो अमेरिका आगे और बड़ी सैन्य कार्रवाई करेगा। साथ ही चेतावनी दी कि अगर ऐसा हुआ तो इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान का अस्तित्व ही समाप्त हो सकता है।

यह भी पढ़ें- इस्लामाबाद में अमेरिका-ईरान वार्ता के बीच इजरायल का लेबनान में फिर ताबड़तोड़ हमला, तीन की मौत