AAP ने राज्यसभा में छीना राघव चड्ढा का पद, सचिवालय को नोटिस भेजकर कहा, ‘उन्हें न दें बोलने’

राघव चड्ढा

आरयू वेब टीम। लगातार जनता की समस्याओं को सदन मे उठाना राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा को भारी पड़ गया है। खुद आम आदमी पार्टी ने चड्ढा को राज्यसभा के उपनेता पद से हटा दिया है। उनकी जगह सांसद अशोक मित्तल आप के उपनेता होंगे। साथ ही आप ने राज्यसभा सचिवालय से कहा कि राघव चड्ढा को सदन में पार्टी के नेता के तौर पर बोलने का मौका ना दिया जाए।

जानकारी के मुताबिक संसद में उनको बोलने के लिए आवंटित समय में भी कटौती होने वाली है। दरअसल बीते कुछ समय से राघव चड्ढा संसद में लोगों से जुड़े मुद्दों को जोर-शोर से उठा रहे थे, जिसमें एयरपोर्ट पर दस रुपये की चाय से लेकर डिलीवरी बॉयज के मुद्दे शामिल हैं। इसी बीच उन पर यह एक्शन लिया गया है। सूत्रों की मानें तो राघव चड्ढा पार्टी से चर्चा किए बिना कुछ मुद्दों पर बोल रहे थे।

वह राज्यसभा में किन मुद्दों पर बात रखने वाले हैं, उसकी जानकारी भी पार्टी को नहीं देते थे। आम आदमी पार्टी ने इसको लेकर उनको चेतावनी भी दी थी, हालांकि पार्टी की ओर से अभी तक उनके खिलाफ लिए गए एक्शन के पीछे कारण साफ नहीं किया गया है, लेकिन पार्टी के इस फैसले के पीछे अनुशासनहीनता और पार्टी लाइन के तहत काम न करना वजह हो सकता है।

यह भी पढ़ें- सदन में बोले राघव चड्ढा, रेलवे प्रशासन की लापरवाही उजागर कर रही दिल्ली स्टेशन पर हुई भगदड़

सियासी गलियारों में इस तरह की चर्चाएं लंबे समय से चल रही हैं कि राघव चड्ढा आम आदमी पार्टी की लाइन से अलग बात करते हैं। यही नहीं हाल ही में जब आम आदमी पार्टी मुखिया और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया के शराब कांड मामले में राउज एवन्यू कोर्ट से बरी होने पर भी राघव चड्ढा की ओर से कोई बयान नहीं दिया गया था।

यह भी पढ़ें- AAP ने कहा, सफेद झूठ है योगी सरकार का ‘स्‍वस्‍थ उत्‍तर प्रदेश’ का दावा, लखनऊ से गांव तक डॉक्‍टरों की भारी कमी