‘आदिपुरुष’ के डायलॉग्स पर आपत्ति जता संजय सिंह ने कहा, भाजपा के मुख्‍यमंत्रियों ने बनवाई फिल्म, मांगें माफी

संजय सिंह

आरयू वेब टीम। हिन्दू धर्म ग्रन्थ रामायण की थीम पर बनी प्रभास और कृति सेनन की फिल्म आदिपुरुष को लेकर अब तक जहां आम दर्शक अपना रिएक्शन और गुस्‍सा निकाल रहे थे तो वही अब सियासी दल भी खुलकर इस फिल्म और उसके संवाद के खिलाफ सामने आ गए है। आम आदमी पार्टी ने शनिवार को फिल्म को लेकर भाजपा पर तीखा हमला बोला है। आप के राज्यसभा सांसद ने सीधा आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा अपनी घटिया राजनीती के लिए हिन्दू देवी-देवताओं का पूरे देश में खुलेआम अपमान करा रही है।

आज प्रेसवार्ता कर संजय सिंह ने कहा कि जिस भगवान मर्यादा पुरषोत्तम राम, माता जानकी और बजरंगबली का नाम सुनकर हर भारतवासी का सिर आदर भाव से झुक जाता है, उनपर फिल्म बनवाकर भाजपा ने उनका अपमान किया है। इस तरह भाजपा ने एक बार फिर साबित कर दिया कि वह सड़क छाप लोगों की पार्टी हैं। संजय सिंह ने नाम लेकर आरोप लगाया कि इस फिल्म को बनवाने में सीएम योगी आदित्यनाथ, शिवराज सिंह, एकनाथ शिंदे, देवेंद्र फडणवीस, हेमंता बिश्‍वा शर्मा और नरोत्तम मिश्रा जैसे भाजपा के मुख्यमंत्रियों और नेताओं का हाथ है।

यह भी पढ़ें- राम नवमी पर प्रभास के फैंस को बड़ा तोहफा, आदिपुरुष के निर्देशक ने जारी किया Video, आप भी देखें

भाजपा को हिन्दू समाज और पूरे हिन्दुस्तान से हाथ जोड़कर माफी मांगनी चाहिए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा को भी भारत के लोगों से माफी मांगनी चाहिए। इस दौरान संजय सिंह ने आदिपुरुष के कई संवादों को भी पढ़ा और कहा कि राजनीती में जैसी भाषा भाजपा की है वैसी ही भाषा धर्म के लिए भी।

माता सीता के गले पर चाकू रखते हुए दिखाया

संजय सिंह ने फिल्म के एक सीन पर भी गहरी आपत्ति जाहिर की जिसमे माता सीता के गले पर चाकू रखते हुए दिखाया गया है। उन्होंने बताया कि पूछे जाने पर इस सीन को काल्पनिक बताया गया है। संजय सिंह ने पूछा क्या काल्पनिक सीन के आधार पर हिन्दू देवी-देवताओं का अपनाम किया जाना चाहिए? उन्होंने पूछा कि क्या कल्पना के आधार पर रामायण को बदल दिया जाएगा। सांसद संजय सिंह ने फिर दोहराया कि प्रधानमंत्री को इस घोर अपमान के लिए जनता से माफी मांगनी चाहिए।

भाषा में गाली-गलौच का इस्तेमाल

संजय सिंह ने कहा कि इस बात की दलील देना कैसे सही हैं कि रामायण आधारित फिल्म में आम भाषा का इस्तेमाल किया गया है? उन्होंने पूछा क्या रामायण भी आम भाषा में लिखी जाएगी? आज आम भाषा में गाली-गलौच का इस्तेमाल होता है, तो इसका क्या आधार है? संजय सिंह ने कहा कि डायलॉग लिखने वाले मनोज मुंतशिर ने वही सबकुछ लिखा होगा जो भाजपा ने उनसे लिखवाया होगा।

यह भी पढ़ें- अब आदिपुरुष फिल्‍म पर प्रतिबंध लगाने की अयोध्‍या राम मंदिर के प्रधान पुजारी ने की मांग