ABVP के समर्थन में उतरा समाजवादी छात्र सभा, राजभवन के सामने किया प्रदर्शन

रामस्वरूप विश्वविद्याल
छात्र सभा के कार्यकर्ताओं को बस में भर्ती पुलिस।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। बाराबंकी के रामस्वरूप विश्वविद्याल में छात्रों पर हुए लाठीचार्ज का मामला बढ़ता जा रहा है। अब एबीवीपी के समर्थन में अन्य पार्टियों की छात्र विंग उतर आई है। इसी क्रम में समाजवादी पार्टी की छात्र इकाई, समाजवादी छात्र सभा ने आज भाजपा की छात्र शाखा अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद का समर्थन किया है। साथ ही छात्र सभा ने लखनऊ में राजभवन के सामने ने एबीवीपी के पक्ष में प्रदर्शन किया। दूसरी ओर एनएसयूआइ भी इस मुद्दे पर एबीवीपी के समर्थन में नजर आ रही है।

एबीवीपी पर लाठीचार्ज के विरोध में बुधवार को बड़ी संख्या में सपा छात्रसभा के कार्यकर्ता राजभवन के पास पहुंचे, जहां उनकी पुलिस के साथ तीखी नोकझोंक हुई। इस दौरान पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने की कोशिश की। गुस्साए कार्यकर्ताओं ने राजभवन के सामने सड़क पर लेटकर विरोध जताया। बाद में पुलिस ने उन्हें जबरन उठाकर बसों में भरना शुरू किया। इस बीच, कुछ सपा कार्यकर्ता बसों के ऊपर चढ़ गए, जिन्हें पुलिस ने धक्का देकर नीचे उतार दिया।

दरअसल, बाराबंकी में पुलिस की लाठीचार्ज में घायल हुए एबीवीपी छात्रों के समर्थन में सपा के छात्र नेताओं ने लखनऊ में व्यापक प्रदर्शन किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि भले ही वैचारिक और राजनीतिक मतभेद हों, लेकिन छात्रों के हक की लड़ाई में समाजवादी पार्टी उनके साथ है। छात्र नेताओं ने ये भी कहा कि भले ही सरकार एबीवीपी के साथ न दिख रही हो, लेकिन सपा इस संघर्ष में उनके साथ मजबूती से खड़ी है।

यह भी पढ़ें- आवाज दबाने का आरोप लगा प्रदर्शन कर रहे दिव्यांगों को पुलिस ने घसीटा, गाड़ियों में भरकर ईको गार्डन छोड़ा

विपक्ष का दावा है कि यह मामला उत्तर प्रदेश में संगठन और सरकार के बीच टकराव का स्पष्ट उदाहरण है। सपा प्रमुख अखिलेश यादव इस मुद्दे को लगातार उठा रहे हैं। सपा नेता फखरुल हसन चांद और कांग्रेस सांसद पुनिया ने घायल एबीवीपी छात्रों से मुलाकात की थी।

यह भी पढ़ें- SSC छात्रों पर लाठीचार्ज के खिलाफ नाराजगी जता प्रियंका ने कहा, भाजपा सरकार में व्याप्त भ्रष्टाचार कर रहा युवाओं का भविष्य बर्बाद