आरयू वेब टीम। बॉलीवुड के वरिष्ठ लेखक और सलमान खान के पिता सलीम खान की मंगलवार को अचानक तबीयत बिगड़ गई है। जिसके बाद सलीम खान को मुंबई के लीलावती अस्पताल के आइसीयू में भर्ती कराया गया। जिसकी खबर लगते ही सलमान खान समेत परिवार के सभी लोग अस्पताल पहुंचे।
मिली जानकारी के मुताबिक आज अचानक सलीम खान की तबीयत बिगड़ गई। जिसके बाद आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। बताया जा रहा है कि सलीम खान को शरीर में सूजन (स्वेलिंग) की शिकायत थी, जिसके बाद डॉक्टरों ने उन्हें निगरानी में रखने का फैसला लिया। वहीं तबीयत बिगड़ने की खबर मिलते ही सलमान खान मढ़ इलाके में चल रही शूटिंग को बीच में छोड़ सीधे अस्पताल पहुंचे। साथ ही परिवार के सदस्य तुरंत अस्पताल पहुंचे।
सलीम खान का नाम हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में एक ऐसे लेखक के तौर पर दर्ज है, जिन्होंने सिनेमा की भाषा और नायक की छवि दोनों को नई दिशा दी। उन्होंने अपना करियर अभिनय से शुरू किया था। 1960 के दशक में उन्होंने फिल्मों में छोटे-मोटे रोल किए, लेकिन उन्हें वह पहचान नहीं मिली, जिसकी उन्हें तलाश थी। इसी दौर में उन्होंने महसूस किया कि अभिनय नहीं, बल्कि लेखन उनकी असली ताकत है। इसके बाद उन्होंने पटकथा लेखन की ओर कदम बढ़ाया और यहीं से उनका असली सफर शुरू हुआ।
लेखन की दुनिया में सलीम खान की किस्मत तब बदली जब उनकी जोड़ी गीतकार जावेद अख्तर के साथ बनी। ये जोड़ी ‘सलीम-जावेद’ के नाम से मशहूर हुई। दोनों ने मिलकर ऐसी कहानियां और डायलॉग्स लिखे, जिन्होंने दर्शकों की तालियां बटोरी और बॉक्स ऑफिस पर नए रिकॉर्ड बनाए।
यह भी पढ़ें- शरद पवार की बिगड़ी तबीयत, पुणे अस्पताल में कराए गए भर्ती
सलीम-जावेद की लिखी फिल्मों में ‘जंजीर’, ‘दीवार’, ‘शोले’, और ‘डॉन’ जैसी कल्ट क्लासिक्स फिल्में शामिल हैं। इन फिल्मों के जरिए उन्होंने समाज के गुस्से, संघर्ष और उम्मीदों को बड़े पर्दे पर उतारा, ‘जंजीर’ और ‘दीवार’ जैसी फिल्मों के जरिए उन्होंने अमिताभ बच्चन को ‘एंग्री यंग मैन’ का टैग दिलाया। सलीम खान की रचनात्मक ताकत ने फिल्म इंडस्ट्री को आगे बढ़ाने में मदद की। आज जब वह अस्पताल में भर्ती हैं, तो पूरा फिल्म जगत उनकी सेहत को लेकर चिंतित है और उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहा है।



















