अखिलेश का आरोप, “सरकार कर रही वसूली नहीं दे रही सुविधा, मेरी गाड़ी का काटा आठ लाख का चालान”

अखिलेश यादव
प्रेसवार्ता में बोलते अखिलेश यादव।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने अपनी गाड़ी का आठ लाख का चालान होने के बाद शुक्रवार को सरकार और पुलिस पर जमकर हमला बोला। साथ ही आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी के लोग पूरा सिस्टम चला रहे हैं। सरकार जनता से वसूली कर रही है। सुविधाएं नहीं दे रही है, लेकिन जमकर टैक्स वसूला जा रहा है। “मेरी गाड़ी का आगरा एक्सप्रेस वे पर ओवर स्पीडिंग के कारण आठ लाख रुपये का चालान कर दिया। सरकार की तरफ से जो गाड़ी हमें दी गई है वो चलने की हालत में नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में समाजवादी सरकार बनने पर वो भी गाड़ी ढूढेंगे और विपक्षियों को देंगे।

यह भी पढ़ें- ट्रेन लगेज पर वसूली से नाराज अखिलेश ने कहा, भाजपाई भ्रष्टाचार की पोटली जनता तोलेगी तो पटरी से उतर जाएगी BJP

शिक्षक दिवस पर शुक्रवार को पार्टी कार्यालय पर आयोजित प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने डॉ सर्वपल्ली राधाकृष्णन को याद कर कहा कि “उन्होंने शिक्षक जगत में जो पहचान बनाई है,उसको हम नमन करते हैं। अखिलेश ने कहा कि आने वाले दिनों में समाजवादी सरकार बनने पर क्वालिटी ऑफ एजुकेशन और रोजगार पर फोकस करेंगे। ये सरकार समाज, शिक्षक, शिक्षा को बर्बाद कर रही है। सरकार लोगों को पढ़ने नही देना चाहती है। समाज पढ़ेगा तो तर्क करेगा। शिक्षा से आत्मबल बढ़ता है।

सरकार की उल्टी गिनती हो चुकी शुरू

आगे कहा कि नौकरी भाजपा के एजेंडे में नही है। ऐसा नही रहता तो 69 हजार शिक्षक भर्ती के अभ्यर्थियों को आंदोलन नही करना पड़ता। स्कूल बंद नही करने पड़ते। प्रतापगढ़ में डीफार्मा का फर्जी कोर्स चलाने वाले को जेल में डाल दिया गया, जबकि वो भाजपा का करीबी है। उन्होंने ने कहा कि सरकार की उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है। आज से महज 493 दिन बचे हैं। इस बार वो वोट नही बढ़ने देंगे। इनके पास चुनावी तिकड़ी है। जुगाड़ आयोग के जरिये ये सारा काम करते हैं।

भाजपा के लोगों के मुंह पर ताला

सपा सुप्रीमो ने जीएसटी की दरों में बदलाव पर भाजपा सरकार को निशाने पर लेते हुए कहा कि ये सब चुनाव को देखकर किया गया है। मुनाफाखोरी कम नहीं हो रही है। ट्रंप के टैरिफ ने भाजपा के लोगों के मुंह पर ताला लगा दिया है। मेक इन इंडिया की बात करने वाले लोग हमारे बाजारों में चीन का माल भर दे रहे हैं। चीन का सामान वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट को पूरी तरह खत्म कर देगा। आज पूरा बाजार चीन के माल से भरा पड़ा है।

मेरे घर को गंगाजल से धुलवाया

इस दौरान भाजपा विधायक केतकी सिंह के टोटी चोर वाले बयान पर उन्होंने कहा “मेरे ऊपर टोटी चोर होने का आरोप लगाया गया, मेरे घर को गंगाजल से धुलवाया गया। भाजपा भले इस बात को भूल जाए, लेकिन मैं नहीं भूल सकता। उन्होंने इसके लिए मुख्यमंत्री के सलाहकार अवनीश अवस्थी को जिम्मेदार ठहराया और कहा स्टिंग ऑपरेशन कराया गया, जिसे मैं कभी नही भूलूंगा।”

यह भी पढ़ें- अखिलेश का EC से सवाल, AI से करोड़ का अपना घपला पकड़ने वाला जुगाड़ आयोग’, क्यों नहीं दे रहा शपथ पत्रों का जवाब