पूजा पाल के आरोप पर अखिलेश का पलटवार, ‘हम लोग जेल चले जाएंगे, मार देंगे भाजपा वाले’

अखिलेश यादव
प्रेसवार्ता में बोलते अखिलेश यादव।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। उत्तर प्रदेश में सपा से निष्कासित विधायक पूजा पाल अपने सदन में दिए भाषण के बाद से ही चर्चा में बनी हुई हैं। इस बीच पूजा पाल ने सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव पर बड़ा आरोप लगाया था। पूजा ने कहा था कि उन्हें जान का खतरा है। अगर कुछ होता है तो इसके लिए अखिलेश यादव जिम्मेदार होंगे। विधायक के इन आरोपों पर अखिलेश यादव ने पलटवार कर कहा हमें जेल भेजा जा सकता है। भाजपा समर्थक हमें मार डालेंगे।

प्रेसवार्ता में निष्कासित विधायक पूजा पाल के पत्र पर अखिलेश यादव ने कहा, “यह समझ से परे है कि कोई सीएम से मिल रहा और उसे दूसरी पार्टी के नेता से जान का खतरा है। मैं इसे समझ नहीं सकता। यहां हमें जेल भेजा जा सकता है। भाजपा समर्थक हमें मार डालेंगे।

अखिलेश यादव ने कहा कि अगर किसी को किसी से खतरा होने का संदेह है, तो संगठन के भीतर उन लोगों की पहचान करने के लिए जांच होनी चाहिए जो खतरा पैदा करते हैं। ये जांच जरूरी है। हम उत्तर प्रदेश सरकार पर भरोसा नहीं कर सकते हैं, इसलिए हमने केंद्र सरकार के गृह मंत्री को यह पत्र लिखा है।

यूपी के पूर्व सीएम ने यह भी कहा कि सपा ने पूजा पाल का मुश्किल समय में साथ दिया था। ऐसे में उन्हें किससे जान का खतरा है इसकी जांच करवाई जाए। हमें उम्मीद है कि वे न्याय सुनिश्चित करेंगे। वह कितने साल हमारे साथ रही, तब उन्हें किसी से कोई खतरा नहीं था।”

यह भी पढ़ें- योगी सरकार की तारीफ करने वाली विधायक पूजा पाल सपा से निष्कासित, कार्रवाई के बाद साधा अखिलेश पर निशाना

बता दें कि समाजवादी पार्टी से निष्कासित विधायक पूजा पाल ने पत्र लिखकर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर बड़ा आरोप लगाया था। उन्होंने कहा कि आज अगर मेरी और मेरे पति की भी हत्या होती है तो उसके वास्तविक दोषी समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव होंगे। इससे पहले पूजा पाल ने सीएम योगी से मुलाकात की थी। आपको बता दें कि पूजा पाल को सदन में सीएम योगी की तारीफ करने के बाद सपा से निष्कासित कर दिया गया था। तभी से आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है।

यह भी पढ़ें- अखिलेश ने कहा, सबसे ज्‍यादा फर्जी वोट भाजपा ने बनवाएं, कमी पड़ी तो पुलिस को किया आगे