अखिलेश ने कहा, डील नहीं होती एकतरफा, देश की जनता जानना चाहती है भारत के हितों के आत्मसमर्पण की मजबूरी

अखिलेश यादव

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भारत-अमेरिका ट्रेड डील को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। साथ ही कहा कि देश की जनता भाजपा से साफ तौर पर पूछ रही है कि ‘डील’ कभी एकतरफा नहीं होती। देश की जनता यह जानना चाहती है कि भारत के हितों के आत्मसमर्पण की मजबूरी के पीछे छिपा हुआ गहरा राज क्या है।

अखिलेश यादव ने शनिवार को अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक पोस्ट शेयर कर तंज कसते हुए कहा कि ‘भाजपा ये बताए कि उसकी समझौता-गणित में शून्य (0) बड़ा है या अठारह (18)-और क्या भाजपा के हिसाब से 18 बराबर शून्य हो जाता है।’ साथ ही सपा मुखिया ने सवाल उठाया कि देश के किसानों, दुकानदारों और उद्योगों को बचाने के लिए भाजपा के पास खोखले और जुमलेबाजी भरे शब्दों के अलावा कोई ठोस सुरक्षा-कवच या संरक्षण- योजना है भी या नहीं।

आज देश की जनता यह जानना चाहती है कि भारत के हितों के आत्मसमर्पण की मजबूरी के पीछे छिपा हुआ गहरा राज क्या है। क्या यह पूरा मामला ‘बनी वहां, पहुंची यहां’ जैसा कोई एकपक्षीय सौदा है, जिसमें देश के हितों की अनदेखी की जा रही है। उन्होंने सवाल किया कि क्या डील के नाम पर भाजपा सरकार को केवल ‘डॉटेड लाइन’ पर हस्ताक्षर करने के लिए बाध्य कर दिया गया है।

यह भी पढ़ें- अखिलेश ने कहा, भाजपा पूंजीवाद को दे रही बढ़ावा, जो समाजवादी आदर्शों के लिए गंभीर चुनौती

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार को देश की जनता के सामने यह स्पष्ट करना चाहिए कि इन कथित समझौतों से आखिर किसे लाभ हो रहा है और आम नागरिक, किसान, व्यापारी व उद्योग जगत को क्या मिला। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा की नीतियां देशहित के बजाय प्रचार और दिखावे तक सीमित रह गई हैं।

यह भी पढ़ें- ट्रंप की सौ प्रतिशत टैरिफ धमकी पर चीन ने कहा, हम शुल्क युद्ध नहीं चाहते, लेकिन इससे डरते भी नहीं