मांगें पूरी नहीं होने पर मुख्‍यमंत्री आवास का घेराव करने जा रहें किसानों से हुई पुलिस की नोकझोंक

किसानों का प्रदर्शन
किसानों को रोकती पुलिस।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। लखनऊ के डालीबाग स्थित गन्ना आयुक्त कार्यालय पर अपनी समस्याओं और मांगों को लेकर
किसान सोमवार सुबह से प्रदर्शन कर रहे थे। उनकी मांगों पर शासन की ओर से कोई विचार न होता देख हजारों की संख्या में किसान शाम को मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने निकल पड़े, हालांकि मौके पर मौजूद पुलिस बल ने उन्हें आगे जाने से रोक दिया। इसपर किसानों और पुलिस में जमकर नोकझोंक हुई।

दरअसल भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) के बैनर तले प्रदेश के कई जिलों से हजारों की संख्या में किसान लखनऊ पहुंचे थे। प्रदेश अध्यक्ष हरिनाम सिंह वर्मा ने किसान पंचायत लगाते हुए जिम्‍मेदार अधिकारियों को शाम तक  मांगों पर विचार करने का अल्टीमेटम देते हुए कहा था कि अगर मुख्य सचिव या मुख्यमंत्री की ओर से कोई हमसे वार्ता करने नहीं आया तो सभी किसान मुख्यमंत्री आवास का घेराव करेंगे।

यह भी पढ़ें- किसानों के अधिकार खत्‍म करना चाहती है भाजपा सरकार, किसी भी कीमत पर नहीं झुकेंगे किसान चौधरी सुनील ने किया दावा

मगर शाम तक किसान मुख्य सचिव और मुख्यमंत्री की ओर से वार्ता को लेकर इंतजार करते रहे। जब उनसे मिलने न तो गन्ना आयुक्त न ही शासन की ओर से कोई अधिकारी आया तो वो सभी आक्रोशित हो गए। इसके बाद किसान मुख्यमंत्री आवास की ओर निकल पड़े। मौके पर मौजूद पुलिस बल ने उन्हें आगे जाने से रोक दिया।

इस दौरान पुलिस और किसानों के बीच नोकझोंक हुई। इसपर सभी किसान सड़क पर बैठकर पुलिस प्रशासन और सरकार के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। वहीं पुलिस के बड़े अधिकारियों ने किसान नेताओं से वार्ता करके मामले को शांत कराया। इसके बाद सभी किसान सड़क से हट गए।

यह भी पढ़ें- अखिलेश का वादा, INDIA की सरकार बनने पर किसानों का होगा पूरा कर्ज माफ