आरयू ब्यूरो, लखनऊ। सरोजनी नगर क्षेत्र में स्थित अमौसी इंडस्ट्रियल एरिया में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया जब पार्किंग में खड़े तीन तेल टैंकरों में अचानक भीषण आग लग गई थी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। भयानक आग देख और धमाके की आशंका से लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, हालांकि इस अग्निकांड में कोई जनहानि नहीं हुई है, लेकिन आग की चपेट में इंडियन ऑयल के तीन टैंकर बुरी तरह से जल गए हैं।
मिली जानकारी के मुताबिक सरोजनी नगर क्षेत्र के सुभम पैलेस के सामने पार्किंग क्षेत्र में खड़े इंडियन ऑयल अमौसी बॉटलिंग प्लांट के तीन तेल टैंकरों में अचानक भीषण आग लग गई थी। यह घटना दोपहर करीब 12 बजे हुई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आस-पास खड़े अन्य वाहनों और संपत्तियों को भी खतरा उत्पन्न हो गया। तत्काल फोम टेंडर की मदद से आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया गया। इंडियन ऑयल बॉटलिंग प्लांट की मदद से पानी की व्यवस्था की गई, लेकिन तब तक आग विकराल हो गई थी।
यह भी पढ़ें- गोमतीनगर जयपुरिया कॉलेज में लगी आग, फैकेल्टी रूम जला
वहीं आग लगने की सूचना सरोजनी नगर फायर स्टेशन के कंट्रोल रूम को दी गई। सूचना मिलते ही लखनऊ मुख्य अग्निशमन अधिकारी के निर्देश पर फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंची। लगभग एक घंटे की कड़ी मेहनत के साथ अग्निशमन टीम ने आग पर पूरी तरह नियंत्रण पाया। मौके की गंभीरता को देखते हुए आस-पास के क्षेत्र को समय रहते खाली करवा लिया गया था।
फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। सुरक्षा मानकों की समीक्षा के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, लखनऊ अग्निशमन विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि ज्वलनशील पदार्थों या वाहनों के आस-पास विशेष सतर्कता बरतें। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल 112 नंबर पर संपर्क करें।




















