आरयू ब्यूरो, लखनऊ। डिफेंस एक्सपो मैदान में आयोजित समारोह में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उत्तर प्रदेश पुलिस के 60,244 नवचयनित सिपाहियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी उपस्थित रहे। गृह मंत्री ने इस नियुक्ति प्रक्रिया को प्रदेश सरकार की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया और नवचयनित जवानों को भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
यह भी पढ़ें- मेधावी छात्रों को सम्मानित कर मुख्यमंत्री योगी ने कहा, बालिकाएं मेहनत में बालकों से रहीं आगे
समारोह में गृहमंत्री और मुख्यमंत्री ने प्रतीकात्मक रूप से 50 अभ्यर्थियों को मंच पर नियुक्ति पत्र सौंपे, जबकि अन्य चयनित अभ्यर्थियों को भी कार्यक्रम स्थल पर नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। शाह ने कहा कि इस बार भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी रही न कोई सिफारिश, न धन की आवश्यकता, केवल योग्यता के आधार पर चयन हुआ है। साथ ही कहा कि आज का दिन इन युवा अभ्यर्थियों के जीवन का सबसे गौरवपूर्ण दिन है, क्योंकि वे देश के सबसे बड़े राज्य की पुलिस सेवा का हिस्सा बनने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पहले प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक थी, लेकिन योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार हुआ है और अब राज्य में कानून का शासन है।
12,000 से अधिक महिला अभ्यर्थियों का हुआ चयन
गृह मंत्री ने यह भी उल्लेख किया कि वर्ष 2014 में केंद्र में मोदी सरकार बनने के बाद भी उत्तर प्रदेश में अपेक्षित सुधार नहीं हो पाया था, लेकिन जब योगी आदित्यनाथ ने मुख्यमंत्री पद संभाला, तब परिवर्तन की प्रक्रिया शुरू हुई और आज इसके स्पष्ट परिणाम दिखाई दे रहे हैं। शाह ने बताया कि चयनित सिपाहियों में 12,000 से अधिक महिला अभ्यर्थियों का चयन हुआ है, जिसे उन्होंने महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक बड़ा कदम बताया। उन्होंने इन महिला सिपाहियों के आत्मविश्वास और उत्साह की सराहना की।
देश की सुरक्षा व्यवस्था हुई मजबूत
वहीं राष्ट्रीय सुरक्षा पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि मोदी सरकार में देश की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत हुई है। उन्होंने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि उस दौर में आतंकी घटनाएं आम थीं। जबकि मोदी सरकार के कार्यकाल में भारत ने उरी, बालाकोट और पहलगाम जैसी घटनाओं का मुंहतोड़ जवाब दिया है। उन्होंने विश्वास जताया कि 2047 तक भारत को विश्व के शीर्ष देशों में पहुंचाने में उत्तर प्रदेश की भूमिका बेहद अहम होगी।
जितना पसीना बहाएंगे ड्यूटी पर उतना कम बहेगा खून: सीएम योगी
कार्यक्रम को संबोधित कर सीएम योगी ने कहा कि चाहे दलित हों, पिछड़े, महिला या पुरुष सबको बिना किसी भेदभाव के भर्ती का अवसर मिला है। अब सभी को ध्यान रखना होगा कि ट्रेनिंग में जितना पसीना बहाएंगे। ड्यूटी पर उतना कम खून बहेगा। उन्होंने अच्छी पुलिस साबित होने का संदेश दिया है।
आठ साल बिना रुके-झुके किया काम
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चयनित सिपाहियों को संबोधित करते हुए कहा कि पिछले आठ साल में राज्य के 8.5 लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी मिली है। आज का कार्यक्रम परीक्षा की निष्पक्षता और पारदर्शिता का उदाहरण है। शासन में भागीदारी का लाभ समाज के वंचित वर्ग तक को मिल रहा है। आज का भर्ती-नियुक्ति कार्यक्रम ऐसे वक्त में हो रहा है, जब देश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार के 11 वर्षों के सुशासन का साक्षी बन रहा है।