आरयू ब्यूरो, लखनऊ। यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने योगी सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि ये सरकार झूठे प्रचार और दिखावे के लिए नकली एमओयू करती है। बिना कमीशन के इस सरकार में कोई काम नहीं होता। इस सरकार ने जितने एमओयू किए हैं, उसमें ज्यादातर फर्जी हैं। एआई की एक कंपनी 2025 में बनी, उसकी वेबसाइट 2025 की है, 2026 में उससे 25 हजार करोड़ का एमओयू हो गया। इसके डायरेक्टर्स की कोई वैल्यू नहीं है, कोई वेल्थ नहीं है कि कहां से आकर इतना बड़ा एमओयू कर लिया?
यह भी पढ़ें- अखिलेश का ऐलान, सपा सरकार में मिलेगी महिलाओं को 40 हजार पेंशन, ग्रीन कॉरिडोर पर भी उठाया सवाल
बुधवार को सपा मुख्यालय पर अलग-अलग जिलों से आए कार्यकर्ताओं और सपा नेताओं को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि यूपी में इसके पहले भी ऐसे कई एमओयू पकड़े गये थे, जिन कंपनियों के पास कुछ भी नहीं था, लेकिन उन्होंने हजारों करोड़ का एमओयू कर लिया। सीएम योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधते हुए सपा सुप्रीमो ने कहा कि मुख्यमंत्री और भाजपाई निवेश का हवा-हवाई दावा करते हैं। जमीन पर कोई निवेश नहीं दिख रहा है। कमीशनखोरी और भ्रष्टाचार चरम पर है। बिना कमीशन के कोई काम नहीं हो रहा है।
भाजपा लोकतंत्र विरोधी
साथ ही कहा कि भाजपा सरकार ने प्रदेश की छवि को धूमिल कर दिया है। इस सरकार में हुए भ्रष्टकांडो के उजागर होने से अच्छे-सच्चे और ईमानदार निवेशक हतोत्साहित भी होते हैं और प्रदेश में निवेश करने से विमुख होते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा लोकतंत्र विरोधी है। नकारात्मक सोच की पार्टी है। सत्ता का दुरूपयोग करती है। विपक्ष के साथ दुश्मनों जैसा व्यवहार करती है। भाजपा सरकार समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं पर फर्जी और झूठे मुकदमे लगाती है। धमकी और अवैध कार्रवाई करती है। उन्होंने कहा कि जैसे-जैसे 2027 का विधानसभा चुनाव निकट आता जा रहा है, वैसे-वैसे भाजपा नेतृत्व बौखला रहा है। विपक्ष को बदनाम कर रहा है।
हो रही खुलेआम हत्याएं
अखिलेश ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) का प्रयोग खेती, किसानी और अन्य सकारात्मक कार्यों के लिए करना चाहिए था, लेकिन भाजपा इसका प्रयोग विपक्ष के खिलाफ करती है। भाजपा सरकार के पास विकास का कोई रोड मैप नहीं है। नौजवानों के लिए नौकरी नहीं है। मंहगाई बढ़ती जा रही है। इतना ही नहीं प्रदेश की कानून-व्यवस्था खराब हो गयी है। हर दिन हत्याएं हो रही है। मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के क्षेत्रों में खुलेआम हत्याएं हो रही हैं। भ्रष्टाचार के सारे रिकॉर्ड टूट गये हैं। अन्याय अत्याचार चरम पर हैं। उन्होंने कहा कि 2027 में भाजपा को हटाकर समाजवादी पार्टी की सरकार बनाना ही प्रदेश के हित में है।


















