बोले अखिलेश, ‘बारिश नहीं, शहरों में जलभराव की मेन वजह भाजपाई भ्रष्टाचार’

अखिलेश यादव
गोमतीनगर में बारिश से सड़क पर भरा पानी।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। कई दिनों से हो रही बारिश के बाद हुए भीषण जलजमाव ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। इस बीच समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने लखनऊ समेत यूपी के अन्य शहरों में हुए जलभराव को लेकर योगी सरकार पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया है। सपा सुप्रीमो ने रविवार को कहा है कि ज्यादा बारिश नहीं जलभराव की मेन वजह भाजपाई भ्रष्टाचार है।

अखिलेश ने आज अपने सोशल मीडिया अकाउंट के माध्यम से वीडियो पोस्टकर कहा कि “शहरों में जलभराव का मुख्य कारण अधिक वर्षा नहीं, बल्कि भाजपाई भ्रष्टाचार की वजह से जल निकासी की व्यवस्था का फेल होना है। नाली से लेकर नाले तक गंदगी से जाम हैं तो पानी निकलेगा कहां से।” विभिन्न तरह के प्रदूषण और नालों का नदियों में गिरना भी नदियों के प्राकृतिक बहाव को प्रभावित कर रहा।

उनके मुताबिक, नदियों में गाद जमा होने से उनका बहाव बुरी तरह बाधित हुआ है। इतना ही नहीं बंधा बनाकर उफनती नदी के पानी को रोकना कोई कारगर उपाय नहीं है। हम भविष्य में नदियों की गाद हटाकर उनको गहरा करने का काम करेंगे जिससे नदियां अविरल मतलब बिना किसी रुकावट के प्राकृतिक रूप से बह सकें और उनके अंदर के जीव-जंतु व इकोसिस्टम से नदियां स्वयं निर्मल हो सकें।”

लखनऊ के साथ ही गोरखपुर, वाराणसी और प्रयागराज जैसे बड़े शहरों में जलभराव की स्थिति का उल्लेख करते हुए सपा मुखिया ने कहा कि जगह-जगह हालात खराब हैं। उन्होंने जलभराव के कारण गंदगी से बीमारी फैलने की आशंका भी जताई। कहा, “राजधानी लखनऊ हो या स्मार्ट सिटी गोरखपुर, वाराणसी, प्रयागराज जैसे अन्य बड़े शहर सब जगह हाल बेहाल है।

यह भी पढ़ें- आफत की बारिश में डीएम लखनऊ व नगर आयुक्त ने लिया शहर का जायजा, दिए पंप से पानी निकालने के निर्देश

अखिलेश ने आगे कहा कि गंदगी से बीमारी फैलने का डर भी है। विशेष रूप से नदी के किनारे बसे व नदीय अर्थव्यवस्था पर आधारित लोगों का जीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है।” इस दौरान सपा प्रमुख ने भाजपा सरकार पर तंज कसते हुए कहा, “ऐसा लगता है कि भाजपा सरकार की आंख का पानी भी बहकर जलराशि को बढ़ा रहा है। जब “भाजपा जाएगी, नदी जीवन पाएगी।”

यह भी पढ़ें- निवेश का झूठा प्रचार करती है भाजपा सरकार, अखिलेश ने साधा योगी आदित्‍यनाथ पर निशाना