अमृतसर पहुंचे राहुल गांधी ने स्वर्ण मंदिर में टेका मत्था, लंगर हॉल में जूठे बर्तन धोकर की सेवा

स्वर्ण मंदिर
गुरुद्वारे में सेवा करते राहुल गांधी।

आरयू वेब टीम। कांग्रेस विधायक सुखपाल खैरा की गिरफ्तारी के बाद पंजाब में आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के बीच बयानबाजी का दौर जारी है। इस तनातनी के बीच कांग्रेस सांसद राहुल गांधी आज अमृतसर पहुंचे। राहुल गांधी ने अमृतसर में स्वर्ण मंदिर का दौरा किया और स्वर्ण मंदिर में ‘सेवा’ की। वहीं राहुल लंगर हॉल में झूठे बर्तन साफ करते नजर आए। इस दौरान उन्होंने सिर पर नीले रंग का पटका पहन रखा था।

इससे पहले जब वे भारत जोड़ो यात्रा के वक्त आए थे तो पगड़ी पहनी थी। राहुल गांधी का अमृतसर दौरा काफी अहम माना जा रहा है। हालांकि, पार्टी सूत्रों ने कहा कि यह राहुल गांधी का निजी दौरा है। राहुल गांधी का यहां कोई राजनीतिक कार्यक्रम नहीं है। जिसे देखते हुए पंजाब के कांग्रेस नेता उनके स्वागत आदि के लिए नहीं पहुंचे। कुछ वरिष्ठ नेता ही उनके आसपास रहेंगे। उनके इस दौरे से पहले पंजाब पुलिस द्वारा सुरक्षा के इंतजाम भी कड़े किए गए।

इससे पहले राहुल गांधी, सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी सोमवार सुबह सोलन के साधुपुल स्थित रामलोक मंदिर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने रामलोक मंदिर में शीश नवाया और यहां पर हाल ही में बने नागलोक मंदिर के दर्शन भी किए। वह बिना किसी सूचना के चुपचाप मंदिर पहुंचे थे। बहरहाल, राहुल का यह अमृतसर दौरा उस वक्त हो रहा है जब पंजाब में कांग्रेस विधायक सुखपाल खैहरा की आठ साल पुराने केस में गिरफ्तारी को लेकर पंजाब कांग्रेस भड़की हुई है। कांग्रेस का कहना है कि सियासी बदला लेने के लिए यह गिरफ्तारी की गई। खैहरा को करीब आठ साल पुराने ड्रग केस में पकड़ा गया है।

यह भी पढ़ें- अचानक किसानों के बीच पहुंचे राहुल गांधी, कीचड़ भरे खेत में चलाया ट्रैक्टर, धान भी रोपे

राहुल के दौरे पर कांग्रेस एमएलए सुखविंदर कोटली ने कहा कि दरबार साहिब में कोई भी नतमस्तक होकर अपनी भावना प्रकट कर सकता है। राहुल गांधी पहले भी कई बार आ चुके हैं। राहुल हमेशा सभी लोगों की अच्छाई की भावना से आते हैं। इसे किसी घटनाक्रम या राजनीति से नहीं जोड़ा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के इस दौरे को किसी दूसरी चीज से जोड़ना ठीक नहीं है।

यह भी पढ़ें- रेलवे स्टेशन पहुंच कुली के अवतार में नजर आए राहुल गांधी, बैज लगा व लाल शर्ट पहन उठाया सामान