MHRD की रिपोर्ट पर बोलीं प्रियंका, भाजपा सरकार की नाक के नीचे हो रहा भ्रष्‍टाचार, प्रज्ञा के विवादित बयान पर भी PM से पूछा सवाल

समता का अधिकार
प्रियंका गांधी। (फाइल फोटो)

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने बुधवार को एमएचआरडी की एक रिपोर्ट का हवाला देते हुए योगी सरकार को निशाने पर लिया है। साथ ही प्रियंका ने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रोजाना कार्रवाई का दावा करते हैं, लेकिन उनकी सरकार की नाक के नीचे भ्रष्टाचार जारी है।

कांग्रेस महासचिव ने आज सोशल मीडिया के माध्‍यम से ट्वीट कर कहा, कि ‘मानव संसाधन विकास मंत्रालय की रिपोर्ट कह रही है कि मिड-डे मील में भ्रष्टाचार के मामले में उत्‍तर-प्रदेश नंबर एक पर है। साथ ही यह भी कहा कि उत्तर प्रदेश में सरकार के मुखिया रोज ढोल पीटते हैं कि ये कार्रवाई हुई-वो कार्रवाई हुई, लेकिन असल में केवल दिखावा हो रहा है’ प्रियंका ने दावा किया कि राज्य में सारा भ्रष्टाचार भाजपा सरकार की नाक के नीचे हो रहा है।

वहीं बीजेपी सांसद प्रज्ञा ठाकुर द्वारा लोकसभा में महात्‍मा गांधी के हत्‍यारे नाथूराम गोडसे को देशभक्‍त बताए जाने को लेकर भी प्रियंका ने प्रधानमंत्री से सवाल किया है। अपने एक अन्‍य ट्वीट में प्रियंका गांधी ने कहा कि आज देश की संसद में खड़े होकर भाजपा की एक सांसद ने गोडसे को देशभक्त बोल ही दिया। अब प्रधानमंत्री जी (जिन्होंने महात्मा गांधी की 150वीं जयंती धूम धाम से मनाई) से अनुरोध है कि दिल से बता दें कि गोडसे के बारे में उनके क्या विचार हैं? वहीं अंत में उन्‍होंने राष्‍ट्रपिता को याद करते हुए लिखा महात्मा गांधी अमर हैं।

यह भी पढ़ें- अब संसद मे BJP सांसद प्रज्ञा ठाकुर ने गोडसे को बताया देशभक्‍त, मचा हंगामा

बता दें कि प्रियंका ने उस खबर का हवाला दिया है जिसका कुछ महीने पहले एक वीडियो सामने आया था। ये वीडियो उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर के एक गांव का था। जहां सरकारी स्कूल के बच्चे मिड-डे मील में नमक-रोटी खा रहे थे। वीडियो वायरल होने के बाद जमकर बवाल हुआ था।

जिस पत्रकार ने वीडियो रिकॉर्ड किया था, उसी के खिलाफ शिकायत दर्ज करा दी गई थी। उसके ऊपर धोखाधड़ी और आपराधिक साजिश करने के आरोप लगे थे। ब्लॉक एजुकेशन अधिकारी ने पत्रकार के खिलाफ सितंबर में केस दर्ज करवाया था। कहा था कि पत्रकार ने यूपी सरकार का अपमान करने की साजिश की। वहीं इस संबंध में सामने आए आंकड़े के अनुसार पिछले तीन साल में मिड-डे मील में हुए भ्रष्टाचार के सबसे ज्यादा मामले यूपी में दर्ज किए गए हैं।

यह भी पढ़ें- रक्षा मंत्रालय की संसदीय समिति में शामिल हुई प्रज्ञा ठाकुर, कांग्रेस ने फैसले को बताया दुर्भाग्‍यपूर्ण