आरयू ब्यूरो, लखनऊ। यूपी की योगी सरकार ने सोमवार को बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 18 आइएएस अफसरों का स्थानांतरण कर उन्हें विभिन्न जिलों में संयुक्त मजिस्ट्रेट के पद पर तैनात किया है। ये अधिकारी अलग-अलग जिलों में सहायक मजिस्ट्रेट के पद पर तैनात थे। अब इनका तबादला कर योगी सरकार ने इन सभी अफसरों को मुरादाबाद, फतेहपुर, उन्नाव, बिजनौर, गाजियाबाद, आगरा, प्रयागराज, मिर्जापुर, अलीगढ़, सहारनपुर, कन्नौज, सुल्तानपुर, झांसी, लखनऊ, बराबंकी, लखीमपुर खीरी, सिद्धार्थनगर, मुजफ्फरनगर में तैनात किया है।
जारी आधिकारिक आदेश के अनुसार, मुरादाबाद के सहायक मजिस्ट्रेट आदित्य श्रीवास्तव को संयुक्त मजिस्ट्रेट शाहजहांपुर बनाया गया है, जबकि फतेहपुर से नौशीन को बस्ती, उन्नाव से शौर्य अरोड़ा को बदायूं, बिजनौर से कुणाल रस्तोगी को गोरखपुर और गाजियाबाद से अयान जैन को आजमगढ़ का संयुक्त मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया है।
यह भी पढ़ें- यूपी में सात PCS अफसरों का तबादला, निधि पांडेय बनीं SDM लखनऊ
इसी क्रम में आगरा से शिवम कुमार को महराजगंज, प्रयागराज से अनिमेष वर्मा को देवरिया, मिर्जापुर से श्री अंशुल हिंदल को सुल्तानपुर, अलीगढ़ से शुभांशु कटियार को जौनपुर, सहारनपुर से विनोद कुमार मीना को औरैया तथा कन्नौज से अर्पित कुमार को प्रयागराज में संयुक्त मजिस्ट्रेट पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है।


















