जयंत चौधरी को ‘चवन्‍नी’ वाले बयान से जोड़ने से नाराज RLD कार्यकर्ताओं ने फूंका अखिलेश यादव का पुतला

चवन्‍नी वाला बयान
सपा सुप्रीमो का पुतला फूंकते आरएलडी कार्यकर्ता।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। सोमवार को राष्ट्रीय लोकदल के कार्यकर्ताओं ने हजरतगंज में सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव के खिलाफ प्रदर्शन किया। कार्यकर्ता रालोद सुप्रीमो और मोदी सरकार के मंत्री जयंत चौधरी पर की गयी एक टिप्‍पणी को लेकर नाराज थे। प्रदर्शनकारियों ने अखिलेश यादव का पुतला फूंका और उनके खिलाफ जमकर नारेबाजी कर कहा कि चवन्नी शब्द का इस्तेमाल करना बेहद गलत है और इसका परिणाम सपा मुखिया को अगामी विधानसभा चुनाव में देखने को मिलेगा।

दरअसल आरएलडी कार्यकर्ता आज दोपहर अचानक हजरतगंज चौराहे पर पहुंचे और करीब 20 मिनट तक प्रदर्शन किया। उनके साथ लाए गए पुतले पर टोंटी चोर लिखा हुआ था। कार्यकर्ताओं ने पुतला फूंकते हुए कहा कि गठबंधन को लेकर अखिलेश यादव का बयान बेहद शर्मनाक है।

यह भी पढ़ें- जयंत चौधरी का अमित शाह को जवाब, वो मेरे ईमान व जज्‍बात नहीं पाए समझ, नहीं बदलूंगा फैसला

वहीं प्रदर्शन कर रहे अमर पांडे नगर ने कहा कि हम लोगों ने टोंटी भैया उर्फ अखिलेश यादव का पुतला फूंका है। पिछले दो सालों से लगातार हमारी पार्टी को लेकर अनर्गल बयानबाजी कर रहे हैं। जिससे सभी कार्यकर्ता नाराज और आहत है।अब आरएलडी वालों के सब्र का घड़ा भर गया था, इसलिए आज पुतला फूंका है। आगे कहा कि चौधरी चरण सिंह को मानने वाले गाजियाबाद से लेकर गाजीपुर तक है। आगामी चुनाव में समाजवादी पार्टी को इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा। इस तरह के बयानबाजी के बाद पार्टी भविष्य में सपा के साथ गठबंधन नहीं करेगी।

यह हमें बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं

वहीं आरएलडी प्रदेश मीडिया प्रभारी मयंक त्रिवेदी ने सपा मुखिया पर निशाना साधते हुए कहा कि अखिलेश यादव ने हमारे नेता जयंत चौधरी और पार्टी के खिलाफ बेहद अभद्र टिप्पणी की है। यह हमें बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं है। उनका बयान उनकी शिक्षा और संस्कार को प्रदर्शित करता है। वे यह भूल गए कि अगर चौधरी चरण सिंह का आशीर्वाद नहीं मिला होता तो आज नेताजी किसी लायक नहीं होते। आज जो लोग सत्ता का सुख भोग रहे हैं और मलाई चाट रहे हैं, यह चौधरी चरण सिंह की ही देन है।

यह भी पढ़ें- विधानसभा चुनाव से पहले जयंत चौधरी को लगा बड़ा झटका, प्रदेश अध्यक्ष रामाशीष राय ने छोड़ी RLD, बताई वजह

रालोद नेता ने आगे कहा कि राजनीति में गठबंधन बनते और बिगड़ते रहते हैं, लेकिन हमारे नेता ने कभी किसी के खिलाफ गलत बयान नहीं दिया। मगर अखिलेश यादव का बयान किसान मसीहा चौधरी चरण सिंह और देश के सभी किसानों का अपमान है। ‘चवन्नी’ शब्द का इस्तेमाल करना बेहद गलत है। इसका परिणाम उन्हें 2027 के चुनाव में देखने को मिलेगा। साथ ही कहा कि नाम नहीं लिया गया, लेकिन राजनीति में कटाक्ष और इशारा काफी होता है। अगर ‘कहां-कहां’ से नहीं आए होते तो अखिलेश यादव 47 सीटों से 111 सीटों तक नहीं पहुंचते।

यह भी पढ़ें- आजम खान की सदस्‍यता रद्द होने पर जयंत चौधरी ने विधानसभा अध्‍यक्ष से पूछा, क्‍या सत्‍ता व विपक्ष के विधायक के लिए कानून अलग-अलग