जयंत चौधरी ने पश्चिमी UP के गुर्जर नेताओं के साथ की बैठक, अखिलेश के बयान पर भी दी प्रतिक्रिया

जयंत चौधरी
फाइल फोटो।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। राष्ट्रीय लोक दल ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसको लेकर आरएलडी अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी ने बुधवार को दिल्ली में पश्चिमी यूपी के गुर्जर नेताओं के साथ बैठक की। इस बैठक में पूर्व सांसद मलूक नागर, सांसद चंदन चौहान समेत पार्टी के कई गुर्जर नेता शामिल हुए।

इस दौरान समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के एक्स पर प्रतिक्रिया देते हुए रालोद चीफ जयंत चौधरी ने कहा वो अपनी बात कहें तो अच्छा है, उनके साथ खड़े होने वाले हर सहयोगी, जिन्होंने आज तक उनका सहयोग किया हो या आज भी उनके साथ खड़े हों, उनको वो इस तरह की बयानबाजी से सोचने पर मजबूर कर रहे हैं। जयंत चौधरी ने आगे कहा बाकी लोकतंत्र है, जनता सबको बनाती है। जनता जनार्दन है।

वहीं अखिलेश यादव की ओर से की गई चवन्नी वाली टिप्पणी को लेकर सवाल पूछे जाने पर जयंत चौधरी ने कहा ये उनको पूछिए। दरअसल इस बैठक में पश्चिमी यूपी की राजनीतिक स्थिति और आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति को लेकर चर्चा हुई। आरएलडी का फोकस पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अपने संगठन और सामाजिक समीकरण को मजबूत करने पर है।

यह भी पढ़ें- जयंत चौधरी को चवन्‍नी वाले बयान से जोड़ने से नाराज RLD कार्यकर्ताओं ने फूंका अखिलेश यादव का पुतला

बता दें कि हाल ही में अखिलेश यादव ने बिना नाम लिए एक बयान दिया था कि हमारे साथ गठबंधन के लिए कहां-कहां से लोग आ गए थे। हमने चवन्नी से रुपया बना दिया फिर भी छोड़कर चले गए। इसी के साथ अखिलेश यादव ने भाजपा के सहयोगी दलों पर तंज कसते हुए एक पोस्ट किया जिसमें उसने एनडीए की सीटों की संख्या बताई, पूर्व सीएम ने दावा किया कि रालोद को एनडीए में 73 सीट मिलेंगी।

यह भी पढ़ें- विधानसभा चुनाव से पहले जयंत चौधरी को लगा बड़ा झटका, प्रदेश अध्यक्ष रामाशीष राय ने छोड़ी RLD, बताई वजह