आरयू वेब टीम। बिहार के लखीसराय जिले में सोमवार को अशोक धाम मंदिर के पास भगदड़ मचने से दर्दनाक हादसा हो गया। जिसमें सात श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 12 से अधिक लोग घायल हुए हैं। मौके पर मौजूद पुलिस ने राहत बचाव कार्य शुरू कर घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया। मृतकों में ज्यादातर महिलाएं हैं।
मिली जानकारी के मुताबिक आज सुबह पूजा के दौरान बिजली का पोल गिरा या तार टूटा। इससे करंट फैलने की अफवाह फैल गई। लोग बचने के लिए इधर-उधर भागने लगे। कुछ गवाहों के मुताबिक बैरिकेडिंग टूटने और भीड़ के दबाव से लोग एक-दूसरे के नीचे दब गए। सूचना के मुताबिक, तीसरी सोमवारी पर करीब 50 हजार श्रद्धालु मंदिर आए थे। सुबह जलाभिषेक के लिए कतारें लगी हुई थीं। तभी करीब 6:40 से 6:45 बजे के बीच ये हादसा हो गया।
यह भी पढ़ें- वृंदावन में बड़ा हादसा, यमुना में पलटा स्टीमर, दस श्रद्धालुओं की मिली लाश, कई लापता
जिलाधिकारी शैलेन्द्र कुमार ने बताया कि पुलिस और प्रशासन की टीम भोर में तीन बजे से ही मौके पर मौजूद थी। स्वास्थ्य व्यवस्था के तहत एंबुलेंस भी पहले से रखी गई थीं। संकरी गलियों के लिए टोटो और बाइक एंबुलेंस की भी व्यवस्था की गई थी। इस बीच 6:30 से 6:45 बजे के बीच दो ट्रेनों का ठहराव हो गया। इससे मंदिर के पास भीड़ और बढ़ गई। पहले से मौजूद भीड़ में अचानक और लोग जुड़ गए। एक तरफ खेत की ओर से भीड़ आगे बढ़ने लगी। इससे बैरिकेडिंग टूट गई और लोग एक-दूसरे पर गिरने लगे।
हादसे में जान गंवाने वालों में चार महिलाओं की पहचान हो चुकी है। इनमें हेमलता देवी, ललिता देवी, रिंकू देवी और मनमाला देवी शामिल हैं। बाकी की पहचान का काम चल रहा है। पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य कर रही है। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
यह भी पढ़ें- शीतला मंदिर में मची भगदड़, आठ श्रद्धालुओं की मौत, दर्जनों घायल




















