बिहार: मिड डे मील बनाते समय फटा ब्वायलर, चार की मौत, कई घायल

मिड डे मील
विस्फोट में उड़े मकान के परखच्चे।

आरयू वेब टीम। मोतिहारी में मिड डे मील बनाते समय ब्वायलर फटने से दर्दनाक हादसा हो गया। इस हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हो गए हैं। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल मे भर्ती कराया गया है। सूचना पाकर घटनास्थल पर पुलिस तथा प्रशासनिक अधिकारी पहुंचे। विस्फोट इतना जबरदस्त था कि मकान के परखच्चे उड़ गए। सरकारी विद्यालयों में मिड डे मील कार्यक्रम एक एनजीओ द्वारा किया जाता है।

जानकारी के मुताबिक सुगौली प्रखंड क्षेत्र के बंगरा गुमटी के समीप शनिवार की सुबह एक एनजीओ कार्यालय में गैस सिलेंडर के विस्फोट से चार मजदूरों की मौके पर मौत हो गई। वहीं पांच मजदूर गंभीर रूप से घायल हुए है। वहीं गंभीर रूप से घायल मजदूर पीपराकोठी थाना क्षेत्र के मुदाचक निवासी विजय राय को इलाज के लिए मोतिहारी सदर अस्पताल से पटना रेफर कर दिया गया है।

यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़: भिलाई स्टील प्लांट की गैस पाइप लाइन में विस्फोट, नौ की मौत, 14 घायल

धमाका इतना जोरदार था कि कई शवों के चीथड़े उड़ गए। बताया जाता है कि सभी मजदूर स्कूलों में एमडीएम के लिए भोजन पका रहे थे। इसी दौरान यह हादसा हुआ। घटना की सूचना पर स्थानीय प्रशासन के साथ-साथ पूर्व वन एवं पर्यावरण मंत्री विधायक रामचंद्र सहनी भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।

यह भी पढ़ें- एटा: पटाखा फैक्ट्री में भीषण धमाका, छह की मौत, 11 घायल, दूर तक बिखरे थे मानव अंग

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंच। घायल लोगों को अस्पताल भेजा गया है। मौके पर राहत और बचाव कार्य किया जा रहा है। स्थानीय महिला के मुताबिक मड डे मील का कामकाज देखने वाला सुपवाइजर लापता है। उससे संपर्क नहीं हो पा रहा है।

यह भी पढ़ें- कु‍शीनगर की मस्जिद में इंवर्टर की बैट्री फटने से मचा हड़कंप