आरयू ब्यूरो, लखनऊ। उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव में एक और राजनीतिक दल की एंट्री होती दिख रही है। आजाद अधिकार सेना (एएएस) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमिताभ ठाकुर ने यूपी की कम से कम सौ सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। सोमवार को 19 प्रत्याशियों की लिस्ट भी जारी करते हुए अमिताभ ठाकुर ने कहा है कि आने वाले समय में प्रत्याशियों की संख्या और विधानसभा क्षेत्रों का विस्तार किया जाएगा।
AAS सिर्फ चुनाव लड़ने के लिए प्रत्याशी
एएएस के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि प्रत्याशियों के चयन में पार्टी का मुख्य फोकस ऐसे लोगों पर रहा है जो अन्याय, अत्याचार और भ्रष्टाचार के विरोध तथा आम नागरिक के अधिकारों के संघर्ष को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध और सक्रिय रूप से कार्य करते रहे हैं। एएएस सिर्फ चुनाव लड़ने के लिए प्रत्याशी खड़े करने के बजाय ऐसे संघर्षशील व्यक्तियों को राजनीतिक मंच देना चाहती है जो अपने क्षेत्र में आम नागरिक की आवाज बन सकें।
साथ ही कहा कि आजाद अधिकार सेना का चुनावी संघर्ष सत्ता प्राप्ति मात्र का प्रयास नहीं, बल्कि नागरिकों को उनके संवैधानिक और कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करने तथा अन्याय पूर्ण व्यवस्था के विरुद्ध संघर्ष को राजनीतिक रूप देने का अभियान है।
यह भी पढ़ें- पूर्व IPS अमिताभ ठाकुर ने राम जन्मभूमि ट्रस्ट के CEO पद के लिए किया आवेदन
बता दें कि आजाद अधिकार सेना यूपी में एक नया राजनीतिक दल है, जिसकी शुरुआत पिछली सपा सरकार के साथ ही वर्तमान योगी सरकार के खिलाफ भी मोर्चा खोलने वाले पूर्व आईपीएस अमिताभ ठाकुर की तरफ से की गई है। वह 2021 से लगातार पार्टी के साथ यूपी की राजनीति में सक्रिए हैं। इस बार अमिताभ ठाकुर ने यूपी में होने वाले 2027 के विधानसभा चुनाव में लड़ने का ऐलान कर दिया है। ऐसे में उनका यह कदम यूपी की राजनीति के लिहाज से अहम माना जा रहा है।
यहां देखें प्रत्याशियों की लिस्ट-




















