‘विमल इलायची’ एड पर FDA ने भेजा शाहरुख खान, अजय देवगन व टाइगर श्रॉफ को शो-कॉज नोटिस

विमल

आरयू वेब टीम। बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान, अजय देवगन और टाइगर श्रॉफ की मुश्किलें बढ़ने वालीं हैं। महाराष्ट्र फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन ने तीनों को ‘विमल इलायची’ के विज्ञापन को लेकर शो-कॉज नोटिस जारी किया है। एफडीए का आरोप है कि ये एड असल में ‘विमल पान मसाला’ के लिए सरोगेट एडवरटाइजिंग यानी अप्रत्यक्ष विज्ञापन हो सकता है।

दरअसल ‘विमल पान मसाला’ राज्य में प्रतिबंधित है। इसी मामले में अब तीनों अभिनेता एफडीए की जांच के दायरे में आए हैं और उनसे विज्ञापन में अपनी भूमिका को लेकर स्पष्टीकरण मांगा गया है। साथ ही एफडीए का मानना है कि ‘विमल इलायची’ का विज्ञापन ‘विमल पान मसाला’ ब्रांड के साथ जुड़ाव बनाता है और इसे पान मसाला ब्रांड के अप्रत्यक्ष प्रचार के तौर पर देखा जा सकता है।

विभाग गुटखा और पान मसाला, खासकर उन उत्पादों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर रहा है जिनमें तंबाकू या निकोटीन होता है। प्रतिबंधित उत्पादों के कारोबार से जुड़े नेटवर्क के मामलों में पुलिस के साथ मिलकर महाराष्ट्र कंट्रोल ऑफ ऑर्गनाइज्ड क्राइम एक्ट के तहत भी कार्रवाई की जा रही है। इसी कार्रवाई के बीच तीनों अभिनेताओं को नोटिस भेजकर विज्ञापन में उनकी भूमिका पर जवाब मांगा गया है।

यह भी पढ़ें- गुटखा घोटाला: CBI ने तमिलनाडु के स्‍वास्‍थ्‍य मंत्री, DGP आवास समेत 40 स्‍थानों पर की छापेमारी

तीनों अभिनेताओं को उनके संबंधित ठिकानों के जरिए नोटिस भेजे गए हैं। अजय देवगन को उनके जुहू स्थित घर, शाहरुख खान को बांद्रा स्थित ‘मन्नत’ और टाइगर श्रॉफ को उनके प्रोडक्शन हाउस ‘टाइगर श्रॉफ प्रोडक्शंस एलएलपी’ के जरिए नोटिस भेजा गया है। हालांकि अभी तक तीनों एक्टर्स की तरफ से इस मामले में कोई जवाब या प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

यह भी पढ़ें- लखनऊ: गुटखा विज्ञापन केस में हाईकोर्ट सख्त, उपभोक्ता प्राधिकरण पर लगाया 5500 का हर्जाना