अपराधी-भूमाफियाओं को संरक्षण दे रही योगी सरकार, प्रदेश में फैला इनका आतंक: अखिलेश

अखिलेश यादव

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बुधवार को योगी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा सबसे बड़ी भूमाफिया पार्टी है। ये भूमाफियाओं और अपराधियों को संरक्षण दे रही है। जिससे पूरे प्रदेश में भाजपा के संरक्षण में भूमाफियाओं का आतंक है। साथ ही आरोप लगाते हुए कहा कि जब से भाजपा सत्ता में आयी है, भाजपा के लोग गरीबों को प्रताड़ित कर जगह-जगह जमीनों पर जबरन रजिस्ट्री कराकर कब्जे कर रहे हैं।

आज अपने एक बयान में अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार के दौरान अयोध्या समेत कई जिलों में हुई जमींनों की रजिस्ट्रियां देख ली जाय तो पूरी पोल खुल जायेगी। अब तो हद हो गयी कि सेना के पूर्व अधिकारी की जमीनों पर भी भूमाफिया कब्जा कर रहे हैं। विरोध करने पर मारपीट करते है, धमकी देते हैं। कानून-व्यवस्था की इससे खराब तस्वीर और क्या हो सकती है कि भूमाफियाओं ने सेना के रिटायर्ड ब्रिगेडियर की जमीन पर कब्जा कर लिया और विरोध करने पर जानलेवा हमला किया। पीड़ितों को न्याय नहीं मिल रहा है।

तेजी से पनप रहे भूमाफिया

यूपी के पूर्व सीएम ने हमला जारी रखते हुए कहा कि योगी सरकार में कानून-व्यवस्था ध्वस्त है। हत्या, लूट, बलात्कार, जमीनों पर कब्जे की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही। विवाद में प्रदेश में हर दिन हत्याएं हो रही है। हालात बद-से-बदतर होती जा रहे है, जबकि हर जिले में तेजी से भूमाफिया पनप रहे हैं। प्रदेश के कई जिलों में दबंगों द्वारा ऐसी तमाम घटनाएं हो रही है।

बड़े पैमाने पर हो रही हेराफेरी

सपा मुखिया ने आगे कहा कि सरकार के संरक्षण में जमीनों में बड़े पैमाने पर हेराफेरी हो रही है। जमीनों पर अवैध कब्जे हो रहे हैं। अयोध्या समेत कई स्थानों पर सरकार खुद जमीनों को गरीबों, किसानों से कौड़ियों के भाव छीन कर अपने चहेतों को दे रही है। भाजपा सरकार की जमीनों को कब्जाने की नीति से गरीब और किसान परेशान है। सत्ता के दबाव में पुलिस प्रशासन गरीबों, असहायों की सुनवाई नहीं कर रहा है।

यह भी पढ़ें- फ्लोराइड युक्त पानी आने पर अखिलेश का योगी सरकार पर निशाना, जनता के दुख-दर्द से भाजपा को नहीं कोई मतलब