असम में IAF का सुखोई Su-30MKI क्रैश, दोनों पायलट की मौत

सुखोई क्रैश

आरयू वेब टीम। भारतीय वायुसेना का अत्याधुनिक फाइटर जेट सुखोई Su-30MKI असम के कार्बी आंगलोंग जिले में क्रैश हो गया। जिसमें सवार दोनों पायलटों की मौत हो गई। ये फाइटर जेट नियमित ट्रेनिंग मिशन पर था और उड़ान के दौरान अचानक संपर्क टूटने के बाद क्रैश हो गया।

भारतीय वायुसेना ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि सुखोई Su-30MKI ने असम के जोरहाट एयरबेस से उड़ान भरी थी। उड़ान भरने के कुछ समय बाद ही विमान से संपर्क टूट गया। बाद में सर्च ऑपरेशन के दौरान पता चला कि विमान असम के कार्बी आंगलोंग इलाके में क्रैश हो गया है।

वायुसेना ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्टकर बताया कि इस हादसे में स्क्वाड्रन लीडर अनुज और फ्लाइट लेफ्टिनेंट पुरवेश दुरगकर को गंभीर चोटें आईं, जिसके कारण उनकी मौत हो गई। वायुसेना ने दोनों बहादुर पायलटों के निधन पर गहरा दुख जताते हुए उनके परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। आइएएफ ने अपने संदेश में कहा कि पूरी वायुसेना इस दुखद घड़ी में शहीद पायलटों के परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है।

भारतीय वायुसेना के अनुसार फाइटर जेट गुरुवार शाम जोरहाट से उड़ान भरकर ट्रेनिंग मिशन पर निकला था। विमान से आखिरी बार संपर्क शाम सात बजकर 42 मिनट पर हुआ था। इसके बाद अचानक विमान रडार से गायब हो गया। रात करीब नौ बजकर 34 मिनट पर वायुसेना ने आधिकारिक तौर पर विमान के लापता होने की जानकारी दी और तुरंत सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया। काफी देर की तलाश के बाद देर रात विमान का मलबा कार्बी आंगलोंग जिले में मिला, जिससे पुष्टि हुई कि फाइटर जेट दुर्घटनाग्रस्त हो चुका है।

यह भी पढ़ें- वायुसेना का फाइटर जेट जगुआर खेत में क्रैश, दोनों पायलट शहीद

फिलहाल वायुसेना ने इस दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच के आदेश दे दिए हैं। हादसे की विस्तृत जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि फाइटर जेट क्रैश होने की असली वजह क्या थी।

क्या है Su-30MKI फाइटर जेट

Su-30MKI भारतीय वायुसेना का एक अत्याधुनिक दो-सीटर मल्टीरोल फाइटर जेट है, जिसे रूसी विमान निर्माता कंपनी सुखोई ने डिजाइन किया है। यह विमान भारतीय वायुसेना की सबसे ताकतवर लड़ाकू विमानों में से एक माना जाता है और इसे कई तरह के युद्ध और ट्रेनिंग मिशनों के लिए इस्तेमाल किया जाता है।

यह भी पढ़ें- खेत में क्रैश हुआ प्राइवेट जेट, दोनों पायलट घायल