वायुसेना का फाइटर जेट ‘जगुआर’ खेत में क्रैश, दोनों पायलट शहीद

जगुआर विमान क्रैश
क्रैश के बाद विमान में लगी आग।

आरयू वेब टीम। राजस्थान के चुरू में बुधवार को एक विमान हादसा हो गया है। रतनगढ़ में अचानक भारतीय वायु सेना का जगुआर फाइटर जेट क्रैश हो गया। इस हादसे में विमान के पायलट और को-पायलट शहीद हो गए हैं। प्लेन क्रैश के बाद आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। घटनास्थल पर भारी भीड़ जमा हो गई है। प्लेन क्रैश की सूचना मिलते ही पुलिस महकमा मौके पर पहुंचकर आगे की कार्रवाई शुरू की। जिस जगह प्लेन क्रैश हुआ, वहां बड़े इलाके में फाइटर जेट का मलबा बिखरा पड़ा है।

मिली जानकारी के मुताबिक आज दोपहर 12 बजकर 40 मिनट पर राजस्थान के चूरू जिल के रतनगढ़ क्षेत्र के भानुदा गांव में एक सैन्य विमान क्रैश हो गया। हादसे के समय आसमान में तेज आवाज के बाद खेतों में आग की लपटें और धुआं उठता देखा गया। जिससे ग्रामीणों की भीड़ मौके पर पहुंची और पुलिस को इसकी सूचना दी। घटना के बाद पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंची। जहां घटनास्थल से दो लोगों के शव के टुकड़े बरामद किए गए हैं।

सेना के सूत्रों के मुताबिक यह जगुआर फाइटर जेट श्रीगंगानगर के पास सूरतगढ़ एयरबेस से उड़ा था। यह जेट टू सीटर था, ट्रेनिंग के लिए इसका उपयोग किया जाता है। हादसे से पहले तकनीकी कारणों से पायलट इजेक्ट नहीं कर पाए।घटना के ठोस कारणों का पता फिलहाल नहीं चला है। अधिकारियों ने बताया कि जांच पूरी होने के बाद ही विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।

वहीं गांववालों ने मीडिया को बताया कि विमान क्रैश के तुरंत बाद खेत में आग लग गई थी। जिसे ग्रामीणों ने अपनी ओर से बुझाने का प्रयास किया। घटना के विस्तृत कारणों की पुष्टि सेना द्वारा की जाएगी। बताया जाता है कि प्लेन एक पेड़ पर गिरा। जिससे पेड़ भी पूरी तरह जल गया। जिस जगह पर विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ, वो इलाका रेगिस्तान का है।

यह भी पढ़ें- केदारनाथ के पास प्राइवेट कंपनी का हेलीकॉप्टर फिर क्रैश, छह श्रद्धालुओं सहित पायलट की भी मौत

वहीं इस संबंध में चुरू एसपी जय यादव ने बताया कि सेना का एक विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ है। विमान एक पेड़ पर गिरा है। जिससे पेड़ भी जल गया। घटनास्थल से दो शव बरामद किए गए हैं। दुर्घटनास्थल पर सेना की टीम भी पहुंच गई है। फिलहाल सेना की टीम द्वारा विमान के मलबे को एकत्रित करने का काम किया जा रहा है।

इस दौरान घटनास्थल पर सेना का एक हेलिकॉप्टर भी पहुंचा है, इस हेलिकॉप्टर को सड़क पर लैंड कराया गया। उधर, भारतीय वायु सेना ने दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए कोर्ट ऑफ इन्क्वायरी गठित की है।

यह भी पढ़ें- गंगोत्री के पास क्रैश हुआ हेलिकॉप्टर, छह श्रद्धालुओं की मौत