आरयू वेब टीम। प्रदेश के चांगलांग जिले में मंगलवार को भारत-म्यांमार सीमा पर गश्त कर रही एक टीम पर संदिग्ध उग्रवादियों ने हमला कर दिया, जिसमें असम राइफल्स का एक जवान शहीद हो गया। जबकि चार अन्य घायल हो गए। घायल जवानों को इलाज के लिए ले जाया गया है। हालांकि अभी तक उनकी हालत के बारे में कोई जानकारी नहीं है।
अधिकारियों ने स्थानीय मीडिया को बताया कि ये घटना सुबह करीब 6.30 बजे नामपोंग सर्कल के तहत नामपोंग नाला के पास हुई। जब 21 असम राइफल्स के जवान उस इलाके में गश्त कर रहे थे। उस इलाके में जहां सीमा पर बाड़ लगाने का काम चल रहा है।शुरुआती रिपोर्ट से पता चला है कि संदिग्ध उग्रवादियों ने गश्ती दल पर गोलीबारी की, जिसमें हवलदार जानखोकाई कुकी (42) की मौत हो गई और चार अन्य जवान घायल हो गए हैं।
घटना के बाद सुरक्षाबलों ने इलाके में ऑपरेशन तेज कर दिए शुरुआती रिपोर्टों में एनएससीएन (के-वाइए) से जुड़े उग्रवादियों के शामिल होने की बात कही गई है। हालांकि, हमलावरों की पहचान के बारे में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। वहीं चांगलांग के एसपी किर्ली पाडु ने कहा कि उन्हें घटना की जानकारी मिली है और उन्होंने चांगलांग पुलिस स्टेशन के प्रभारी अधिकारी को विवरण इकट्ठा करने का निर्देश दिया है।
एसपी ने कहा कि “हमें भारत-म्यांमार सीमा पर हुई घटना के बारे में जानकारी मिली है और हमने चांगलांग पुलिस स्टेशन के ओसी से इससे जुड़ी जानकारी इकट्ठा करने को कहा है। चांगलांग जिले में भारत-म्यांमार सीमा संवेदनशील रही है क्योंकि इस क्षेत्र और अंतरराष्ट्रीय सीमा के पार विद्रोही समूहों की गतिविधियां होती रहती हैं।”
