आरयू ब्यूरो, लखनऊ। मेस के खाने को लेकर लखनऊ विश्वविद्यालय के न्यू कैंपस में बुधवार को छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा। कॉलेज के गेट नंबर-1 को बंद कर छात्र गेट के सामने धरने पर बैठे और जमकर नारेबाजी की। छात्रों का कहना है कि मेस के लिए उनसे शुल्क लिया गया था। इसके बावजूद 29 सितंबर से मेस बंद कर दिया गया। इससे हॉस्टल में रहने वाले छात्रों को बाहर से खाना लेना पड़ रहा है।
छात्रों का आरोप है कि मेस बंद होने से रोजाना खाने की व्यवस्था करना मुश्किल हो गया है। बाहर खाना लेने से उनका खर्च भी बढ़ रहा है। साथ ही कहा कि मेस बंद करने से पहले उन्हें इसकी कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई।
वहीं इसी दौरान गेट से निकल रही एक फोरव्हीलर की चपेट में एक छात्र का पैर आ गया। इसके बाद छात्रों का गुस्सा और भड़क गया। छात्रों ने जमकर हंगामा शुरू कर दिया। मौके पर पहुंची प्रॉक्टोरियल टीम के सदस्यों के साथ भी छात्रों की तीखी नोकझोंक हुई। काफी देर तक गेट के सामने छात्रों का प्रदर्शन और नारेबाजी जारी रही।
यह भी पढ़ें- LU प्रशासन की दोहरी कार्यप्रणाली से नाराज NSUI के छात्रों की हुई ABVP से भिड़त, पुलिस ने संभाली स्थिति
प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने कहा कि अगर मेस संचालन में कोई परेशानी थी तो प्रशासन को पहले छात्रों को जानकारी देनी चाहिए थी। साथ ही दूसरी जगह भोजन की व्यवस्था करनी चाहिए थी। छात्रों ने मेस को दोबारा शुरू करने की मांग के साथ ही भोजन की क्वालिटी और नियमित व्यवस्था करने की भी मांग की। छात्रों का कहना है कि जब मेस का शुल्क लिया गया है तो भोजन की सुविधा भी मिलनी चाहिए। छात्रों ने कहा कि जब तक भोजन की समस्या का समाधान नहीं होता, धरना जारी रहेगा।




















