आरयू ब्यूरो, लखनऊ। यूपी सरकार ने प्रशासनिक व्यवस्था में बड़ा फेरबदल करते हुए सोमवार को डॉ. आशीष कुमार गोयल (आइएएस 1995 बैच) को एक और महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। वर्तमान में उत्तर प्रदेश पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड के अध्यक्ष के रूप में कार्यरत डॉ. गोयल को अब अपर मुख्य सचिव (एसीएस), ऊर्जा एवं अतिरिक्त ऊर्जा स्रोत विभाग का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।
शासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार, डॉ. आशीष गोयल अपने वर्तमान पद (अध्यक्ष, यूपीपीसीएल) के साथ-साथ शासन में अपर मुख्य सचिव के पद का निर्वहन तत्काल प्रभाव से करेंगे। इस अतिरिक्त जिम्मेदारी के लिए उन्हें कोई अलग से वेतन या भत्ता देय नहीं होगा।
यह भी पढ़ें- यूपी में 27 IPS अफसरों का तबादला, रामपुर-मऊ व चंदौली समेत 13 जिलों के बदले कप्तान
नियुक्ति अनुभाग-1 द्वारा छह अप्रैल 2026 को जारी इस आधिकारिक पत्र पर विशेष सचिव विजय कुमार के डिजिटल हस्ताक्षर हैं। इस आदेश की प्रतिलिपि राज्यपाल के विशेष कार्याधिकारी, मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव और मुख्य सचिव सहित सभी संबंधित विभागों को सूचना एवं आवश्यक कार्यवाही हेतु भेज दी गई है।
एम.के.एस. सुन्दरम की भी बढ़ी जिम्मेदारी
वहीं प्रमुख सचिव श्रम एवं सेवायोजन एम.के.एस. सुन्दरम की भी आज जिम्मेदारी बढ़ा दी गयी है। सीनियर आइएएस अफसर सुन्दरम अपने वर्तमान कार्यभार के साथ अब प्रमुख सचिव प्रविधिक शिक्षा का चार्ज भी संभालेंगे।




















