आरयू ब्यूरो, लखनऊ। बांग्लादेश मेंअल्पसंख्यकों पर बढ़ते हमलों के विरोध में रविवार को आम आदमी पार्टी ने उत्तर प्रदेश के सभी जिलों में एक साथ प्रदेशव्यापी प्रदर्शन किया। लखनऊ स्वास्थ्य भवन कैसरबाग में प्रदर्शन कर रहे आप कार्यकर्ताओं ने बंगलादेश सरकार का पुतला फूंका और मोदी सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
इस दौरान प्रदर्शन को रोकने के लिए पुलिस ने बल प्रयोग किया, जिससे प्रदर्शनकारियों और पुलिस के धक्का-मुक्की और झड़प हुई। इसके बाद कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने बांग्लादेश के साथ सभी व्यापारिक और कूटनीतिक संबंध समाप्त करने, भारत से दी जा रही बिजली आपूर्ति पर तत्काल रोक लगाने तथा हिंदू अल्पसंख्यकों की सुरक्षा सुनिश्चित कराने की मांग उठाई। इस दौरान महामहिम राष्ट्रपति के नाम एक ज्ञापन भी सौंपा गया जिसमें आम आदमी पार्टी ने मांग की।
वहीं आप नेता और राज्यसभा सांसद संजय सिंह के निर्देश पर उत्तर प्रदेश के सभी जिलों में हो रहे प्रदर्शन के दौरान आप कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ तीखे नारे लगाए और कहा कि बांग्लादेश में हिंदू अल्पसंख्यकों को सुनियोजित तरीके से निशाना बनाया जा रहा है, लेकिन भारत सरकार न तो कूटनीतिक दबाव बना रही है और न ही अंतरराष्ट्रीय मंचों पर कोई ठोस पहल कर रही है। पार्टी ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की यह चुप्पी अत्याचारियों के हौसले बढ़ा रही है और इससे बांग्लादेश में हालात और भयावह होते जा रहे हैं।
यह भी पढ़ें- संजय सिंह ने कहा, अडानी के व्यापार की वजह से पीएम मोदी बांग्लादेशी हिंदुओं पर अत्याचार के खिलाफ नहीं बोल रहें, AAP करेगी प्रदेशभर में प्रदर्शन
वहीं जिलाध्यक्ष इरम रिजवी ने कहा कि प्रधानमंत्री जी, ये देश आपका निजी कारोबार नहीं है और न ही हिंदुओं की जान किसी कॉरपोरेट के मुनाफे से सस्ती है। आपको देश की जनता की भावनाओं का सम्मान करते हुए बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचारों के खिलाफ खुलकर बोलना ही पड़ेगा और सख्त से सख्त फैसला लेना पड़ेगा, क्योंकि अब यह चुप्पी कमजोरी नहीं, सीधे-सीधे अपराध में भागीदारी बन चुकी है।




















