यूपी विधानसभा उपचुनाव में भाजपा के विरोध में उतरा त्यागी समाज, पंचायत में किया ऐलान

त्यागी समाज

आरयू ब्यूरो, लखनऊ/मुजफ्फरनगर। यूपी के मुजफ्फरनगर की खतौली विधानसभा सीट पर इस समय उपचुनाव को लेकर भाजपा और राष्ट्रीय लोकदल दोनों आमने-सामने हैं। वहीं उपचुनाव में भाजपा को राष्ट्रीय लोकदल के अलावा त्यागी समाज से भी चुनौती मिलती दिख रही है। खतौली में त्यागी समाज एक स्वर में भाजपा का विरोध करता दिख रहा है। शनिवार को खतौली के नावला गांव में त्यागी समाज की एक बड़ी बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें आस-पास के गांव से त्यागी समाज के लोगों ने हिस्सा लिया।

त्यागी समाज की इस पंचायत में फैसला लिया गया कि उपचुनाव में त्यागी समाज भारतीय जनता पार्टी का बहिष्कार करेगा। त्यागी समाज से मांगेराम ने मीडिया को बताया कि जनपद मुजफ्फरनगर में नावला गांव जहां खतौली विधानसभा का उपचुनाव चल रहा है। यह गांव जनपद मुजफ्फरनगर के त्यागियो की राजधानी है। दो महीने जो हमारा धरना चला है श्रीकांत त्यागी अनु त्यागी और उन छह बच्चों के प्रकरण को लेकर उसमें इस सरकार के द्वारा हमारी अवहेलना की गई है।

यह भी पढ़ें- मैनपुरी, रामपुर व खतौली उपचुनाव के उम्‍मीदवारों का भाजपा ने किया ऐलान, जानें किसे मिला टिकट

इतना ही नहीं हमारा मजाक उड़ाया गया है। पांच-पांच मुकदमे लगा दिए गए पर कैबिनेट मंत्री संजीव बालियान ने एक शब्द भी बोलने का काम नहीं किया है। इन्हें बस हमारा वोट चाहिए, हम इनका इस बार बहिष्कार करने का काम करेंगे।

मालूम हो कि खतौली में विधानसभा का उपचुनाव पांच दिंसबर को होना है। खतौली विधानसभा उपचुनाव में रालोद उम्मीदवार मदन भैया चुनावी दंगल में भेजे गए हैं। मदन भैया सपा-रालोद गठबंधन के उम्मीदवार हैं। दूसरी तरफ भाजपा ने खतौली उपचुनाव में राजकुमारी सैनी को अपना उम्मीदवार बनाया है।

यह भी पढ़ें- आखिरकार पकड़ा गया 25 हजार का इनामी गालीबाज नेता श्रीकांत त्यागी, पुलिस ने मेरठ से दबोचा