मैनपुरी, रामपुर व खतौली उपचुनाव के उम्‍मीदवारों का भाजपा ने किया ऐलान, जानें किसे मिला टिकट

भाजपा

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मैनपुरी, रामपुर और खतौली सीट के लिए भाजपा ने मंगलवार को अपने उम्मीदवार के नाम का ऐलान कर दिया। भाजपा ने मैनपुरी लोकसभा उपचुनाव के लिए रघुराज शाक्य को अपने उम्मीदवार बनाया है। इन सीटों पर केंद्रीय चुनाव समिति से अंतिम मुहर लगने के बाद उम्मीदवारों के नाम का ऐलान किया गया।

वहीं भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति ने आज मैनपुरी के अलावा रामपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए आजम खान के गढ़ में आकाश सक्सेना को अपना उम्मीदवार बनाया है। आकाश सक्सेना को रामपुर में आजम खान के धुर विरोधी माना जाता है, हालांकि पहले भी आकाश सक्सेना के उम्मीदवार बनाए जाने की चर्चा थी।

यह भी पढ़ें- पांच दिसंबर को होगा मैनपुरी लोकसभा व रामपुर विधानसभा का उपचुनाव, आठ को आएगा परिणाम

इसके अलावा मुजफ्फरनगर की खतौली विधानसभा उपचुनाव में राजकुमार सैनी को टिकट दिया है। सैनी के रूप में भाजपा ने पिछड़े वर्ग से प्रत्याशी को चुनावी मैदान में उतारा है। गौरतलब है कि यूपी की तीन सीटों पर हो रहे उपचुनाव में मैनपुरी सीट पर लोकसभा उपचुनाव होने हैं, जबकि रामपुर और खतौली सीट पर विधानसभा उपचुनाव होने हैं।

आगामी पांच दिसंबर को मैनपुरी लोकसभा और दो विधानसभा सीटों के लिए उपचुनाव होगा। सबकी निगाहें मैनपुरी और रामपुर में लगी हैं। यूं तो यह सपा की परंपरागत सीट रही है मगर भाजपा इस बार सपा मुखिया को उनके घर में घेरने की व्यूह रचना में जुटी है। 17 नवंबर तक नामांकन होने हैं।

यह भी पढ़ें- मैनपुरी उपचुनाव के लिए सपा ने प्रत्याशी का किया ऐलान, डिंपल यादव को दिया टिकट