भारत का दावा मजबूत, 2030 राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी को IOA की औपचारिक मंजूरी

भारत का दावा

आरयू वेब टीम। भारतीय ओलंपिक संघ ने 2030 राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी के लिए अहमदाबाद को चुना है और औपचारिक बोली की मंजूरी दे दी है। कनाडा के बाहर होने से भारत की संभावनाएं बढ़ गई हैं, जबकि नवंबर में ग्लासगो में होने वाली आम सभा में मेजबान देश का अंतिम ऐलान किया जाएगा। भारतीय ओलंपिक संघ ने बुधवार को यहां अपनी विशेष आम बैठक (एजीएम) के दौरान 2030 में होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी के लिए भारत की बोली को औपचारिक रूप से मंजूरी दे दी।

अहमदाबाद को मेजबान शहर के रूप में चुना गया है और इस संबंध में आश्य पत्र पहले ही जमा किया जा चुका है। अब भारत को 31 अगस्त की अंतिम तिथि से पहले औपचारिक बोली का प्रस्ताव सौंपना होगा। कनाडा के इस दौड़ से बाहर होने के बाद भारत की मेजबानी पाने की संभावनाएं और अधिक प्रबल हो गई हैं। अब प्रतियोगिता में भारत के लिए मुख्य चुनौती केवल औपचारिक चयन प्रक्रिया और राष्ट्रमंडल खेल महासंघ (सीजीएफ) की स्वीकृति है।

यह भी पढ़ें- भारत आएगी पाकिस्तान की हाॅकी टीम, खेल मंत्रालय ने दी हरी झंडी

हाल ही में राष्ट्रमंडल खेल निदेशक डैरेन हॉल के नेतृत्व में अधिकारियों की एक टीम ने अहमदाबाद का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने प्रस्तावित आयोजन स्थलों का निरीक्षण किया और गुजरात सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की। टीम ने खेल सुविधाओं, बुनियादी ढांचे और शहर की मेजबानी क्षमता का आकलन किया। माना जा रहा है कि अहमदाबाद का स्पोर्ट्स इंफ्रास्ट्रक्चर और आधुनिक स्टेडियम इस बोली में अहम भूमिका निभाएंगे। सूत्रों के मुताबिक, इस महीने के अंत में राष्ट्रमंडल खेलों का एक और प्रतिनिधिमंडल अहमदाबाद का दौरा करेगा। इसका उद्देश्य अंतिम मूल्यांकन और रिपोर्ट तैयार करना होगा, जिसे नवंबर में होने वाली आम सभा में रखा जाएगा।

निर्णय नवंबर में होगा

राष्ट्रमंडल खेल महासंघ की आम सभा नवंबर के आखिरी सप्ताह में स्कॉटलैंड के ग्लासगो में आयोजित की जाएगी, जहां 2030 के मेजबान देश का औपचारिक ऐलान होगा। भारत पहले भी 2010 में दिल्ली में राष्ट्रमंडल खेलों की सफल मेजबानी कर चुका है। उस अनुभव और मौजूदा तैयारी के आधार पर खेल विशेषज्ञ मानते हैं कि इस बार भी भारत के पास मेजबानी का मजबूत दावा है।

यह भी पढ्रें- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने खिलाड़ियों को किया खेल रत्न से सम्मानित