आरयू वेब टीम। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के फेज-1 का उद्घाटन किया। जिसके बाद पीएम मोदी ने सभा को संबोधित भी किया। अपने भाषण की शुरुआत में पीएम ने कहा कि उद्घाटन हो गया है? नहीं, अभी सिर्फ आधा काम हुआ है। मैंने तो सिर्फ पर्दा हटाया है। मैं चाहता हूं कि इस एयरपोर्ट का उद्घाटन आप सब करें, इसलिए अपना-अपना फोन निकालें और फ्लैश जलाकर उद्घाटन करें। ये अमानत आपकी है। आपका भविष्य है। आपका पुरुषार्थ है। आप लोग भारत माता की जय बोलकर फ्लैश लाइट दिखाएं। अब उद्घाटन हो गया।
कार्यक्रम में पीएम मोदी ने कहा कि मेरी नजर जहां भी पड़ रही है, सारे युवा नजर आ रहे हैं। सभी उत्साह से भरे हुए हैं। जोश से भरे हुए हैं। युवाओं को पता है कि जो काम हो रहा है, वह नौजवानों के भविष्य को नई उड़ान देने वाला काम है। हम विकसित यूपी और विकसित भारत का एक नया अध्याय शुरू कर रहे हैं। देश का सबसे बड़ा प्रदेश आज देश के सबसे अधिक इंटरनेशनल एयरपोर्ट वाले राज्यों में से एक हो गया है।
वहीं प्रधानमंत्री ने कहा कि मेरी प्रसन्नता और गर्व के दो कारण हैं, एक तो ये कि इस एयरपोर्ट के शिलान्यास का सौभाग्य आप लोगों ने मुझे दिया था और अब उद्घाटन का सौभाग्य भी आपने मुझे दिया। मैंने अपने सौभाग्य को आपको लोगों के साथ बांटकर आपके हाथों जोड़ दिया है, जिस उत्तर प्रदेश ने मुझे सांसद बनाया है, उसकी पहचान के साथ इस भव्य एयरपोर्ट का नाम भी अब जुड़ गया है।
नोएडा के इस एयरपोर्ट से मेरठ, गाजियाबाद, इटावा, आगरा, बुलंदशहर, मथुरा आदि को बहुत बड़ा फायदा मिलने वाला है। इस एयरपोर्ट से पश्चिमी उत्तर प्रदेश के किसानों, छोटे उद्योगों और नौजवानों के लिए नए अवसर सामने आएंगे। यहां से उड़ने वाला विमान विकसित उत्तर प्रदेश की उड़ान का प्रतीक बनेगा। पश्चिमी उत्तर प्रदेश की जनता को मैं इसके लिए बधाई देता हूं।
इस दौरान पीएम मोदी ने पूर्व सरकारों पर भी निशाना साधते हुए कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों ने पश्चिमी यूपी को लूट का एटीएम बना दिया था। नोएडा को भाजपा सरकार ने विकास का इंजन बना दिया है। हर दो मिनट में एक फ्लाइट यहां से उड़ेगी। अटल जी ने साल 2003 में ही इस एयरपोर्ट के लिए अनुमति दे दी थी। तब तो कई लोगों का जन्म भी नहीं हुआ होगा लेकिन एयरपोर्ट नहीं बना।
यह भी पढ़ें- जेवर एयरपोर्ट की नींव रख PM मोदी ने कहा, देश-विदेश को सर्विस व सैकड़ों युवाओं को उपलब्ध होगा रोजगार
आगे कहा कि केंद्र की कांग्रेस सरकार ने वर्षों तक इस एयरपोर्ट की नींव नहीं पड़ने दी। 2004 से लेकर 2014 तक ये एयरपोर्ट फाइलों में दबी रही। हमारी सरकार बनने के बाद उत्तर प्रदेश की सरकार ने इस पर काम नहीं होने दिया। जैसे ही यूपी में हमारी सरकार आई, वैसे ही जेवर एयरोपर्ट की नींव पड़ गई। इसका निर्माण भी हुआ और अब ये शुरू भी हो गया।
बता दें कि एयरपोर्ट के पूरा होने की डेडलाइन 2040 है। अधिकारियों का कहना है कि मई से इस एयरपोर्ट से फ्लाइट शुरू हो सकती है। सबसे खास बात इस एयरपोर्ट कि ये है कि एंट्री के बाद सिर्फ 20 मिनट से भी कम समय में बोर्डिंग हो सकती हैं।




















