कतर के पूर्व अमीर शेख के निधन पर मोदी सरकार ने भारत में घोषित किया एक दिन का राष्ट्रीय शोक, आधा झुका रहेगा तिरंगा

राष्ट्रीय शोक
हमद बिन खलीफा अल थानी। (फाइल फोटो)

आरयू वेब टीम। कतर के फादर अमीर शेख हमद बिन खलीफा अल थानी के निधन पर मोदी सरकार ने सोमवार को पूरे देश में एक दिन के राष्ट्रीय शोक की घोषणा की है। गृह मंत्रालय की ओर से जारी आदेश के अनुसार, राष्ट्रीय शोक के दौरान देशभर में उन सभी सरकारी भवनों पर, जहां नियमित रूप से तिरंगा फहराया जाता है, राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा। साथ ही पूरे दिन कोई आधिकारिक सरकारी मनोरंजन कार्यक्रम आयोजित नहीं किया जाएगा।

नरेंद्र मोदी ने जताया गहरा शोक, बताया दूरदर्शी नेता

शेख हमद का रविवार को 74 साल की उम्र में निधन हो गया। कतर सरकार ने उनकी मौत की घोषणा की, लेकिन वजह नहीं बताई। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शेख हमद बिन खलीफा अल थानी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए उन्हें दूरदर्शी नेता बताया। प्रधानमंत्री ने कहा कि उनके नेतृत्व में कतर ने विकास और समृद्धि की नई ऊंचाइयों को छुआ। उन्होंने यह भी कहा कि शेख हमद भारत के सच्चे मित्र थे और दोनों देशों के संबंधों को मजबूत बनाने में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा।

यह भी पढ़ें- दिग्गज निशानेबाज जसपाल राणा का 49 साल की उम्र में निधन

किरेन रिजिजू जल्द ही जाएंगे कतर

वहीं भारत सरकार की ओर से संसदीय कार्य एवं अल्पसंख्यक मामलों के केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू जल्द ही कतर जाएंगे। वह मोदी सरकार की ओर से कतर के नेतृत्व और शाही परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करेंगे।

बता दें कि शेख हमद बिन खलीफा अल थानी 1995 से 2013 तक कतर के अमीर रहे। थानी के शासनकाल में कतर ने आर्थिक, बुनियादी ढांचे और वैश्विक कूटनीतिक स्तर पर उल्लेखनीय प्रगति की। 2013 में उन्होंने स्वेच्छा से सत्ता अपने पुत्र और वर्तमान अमीर शेख तमीम बिन हमद अल थानी को सौंप दी थी।

यह भी पढ़ें- अमेरिका-इजराइल हमले में ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्लाह खामेनेई समेत बेटी-दामाद, बहू-पोती की मौत