मुरादाबाद से भाजपा प्रत्याशी सर्वेश सिंह का निधन, एम्स में ली अंतिम सांस

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। मुरादाबाद से भाजपा प्रत्याशी सर्वेश सिंह का निधन हो गया है। दिल्ली एम्स में उन्होंने आखरी सांस ली है। वोटिंग के एक दिन बाद ही भाजपा उम्मीदवार का निधन हुआ है। सर्वेश सिंह को पहले चरण के मतदान के बाद दिल्ली के एम्स में भर्ती कराया गया था, जहां उनका निधन हो गया। वह काफी समय से बीमार चल रहे थे और फेफड़ों तक संक्रमण फैल गया था।

मिली जानकारी के मुताबिक मुरादाबाद लोकसभा के प्रत्याशी कुंवर सर्वेश सिंह काफी दिनों से बीमार चल रहे थे। नामांकन करने के बाद उनकी हालत बिगड़ गई। इसी कारण वह चुनाव प्रचार में भाग नहीं ले सके। पूर्व सांसद के पीआरओ अमित सिंह ने बताया कि शुक्रवार को वह अपने मेडिकल चेकअप कराने के लिए दिल्ली स्थित एम्स गए थे। वहां इलाज के दौरान शाम को उनकी मौत हो गई। निधन की जानकारी मिलने पर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष चौधरी भूपेंद्र सिंह ने शोक जताया है।

यह भी पढ़ें- कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर की मां का निधन

बता दें कि भाजपा के कुंवर सर्वेश कुमार सिंह ठाकुरद्वारा विधानसभा सीट से वर्ष 1991, 1993, 1996, 2002 औप 2012 में (पांच बार) विधायक निर्वाचित हो चुके थे। वह वर्ष 2014 में सांसद रह चुके थे। 2019 में उन्हें सपा के एसटी हसन ने हरा दिया था। उनके बेटे शुशांत सिंह बिजनौर जिले की बड़ापुर विधानसभा सीट से विधायक रहे हैं।

यह भी पढ़ें- जनसभाओं में संजय सिंह का भाजपा पर हमला, हमें शमशान नहीं, बच्चों के लिए चाहिए अच्छे स्कूल