आरयू वेब टीम। चुनाव आयोग ने बिहार के बाद अब उत्तर प्रदेश व मध्य प्रदेश समेत देश के 12 राज्यों में भी एसआइआर का ऐलान कर दिया है।सोमवार को चुनाव आयोग ने कहा कि बिहार में एसआइआर का पहला चरण सफलता के साथ पूरा हो चुका है। अब इसका दूसरा चरण 12 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में चलेगा। मुख्य चुनाव आयुक्त ने बताया कि जिन राज्यों में एसआइआर होगा। वहां आज रात से मतदाता सूची को फ्रीज कर दिया जाएगा। एसआइआर का शेड्यूल 28 अक्टूबर से शुरू होगा और अगले साल सात फरवरी तक चलेगा।
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने कहा कि’ एसआइआर का फेज वन खत्म हो गया। बिहार के साढ़े सात करोड़ वोटरों ने बढ़-चढ़कर इसमें हिस्सा लिया। 90 हजार बीएलओ और राजनीतिक दलों ने मिलकर मतदाता सूची को शुद्ध बनाने का काम किया। बिहार की मतदाता सूची बिल्कुल साफ हो गई है।’
साथ ही मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेंश कुमार ने अंडमान-निकोबार, छत्तीसगढ़, गोवा, गुजरात, केरल, लक्ष्यद्वीप, मध्य प्रदेश, पुडुचेरी, राजस्थान, तमिलनाडु, उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल में एसआइआर का ऐलान किया है।
यह भी पढ़ें- बिहार SIR पर सुप्रीम कोर्ट का बड़ा आदेश, आधार कार्ड को माना जाए 12वां दस्तावेज
चुनाव आयोग ने कहा कि मतदाता सूची की शुद्धिकरण का काम 21 साल पहले 2002-04 में हुआ था। उन्होंने कहा कि इतने सालों में वोटर लिस्ट में कई बदलाव जरूरी हो जाते हैं। लोगों का पलायन होता है, इससे एक से ज्यादा जगह वोटर लिस्ट में नाम रहता है। निधन के बाद भी कई लोगों को नाम लिस्ट में रह जाता है। यही कारण है कि वोटर लिस्ट का शुद्धिकरण जरूरी होता है। बिहार में इसी के मद्देनजर पहला चरण पूरा किया गया। फाइनल मतदाता सूची प्रकाशित करने के बाद अगर किसी को कोई शिकायत रहती है तो वह पहले डीएम को अपील कर सकता है और उसके बाद सीईओ को दे सकते है।



















